कानपुर: बालाजी अपार्टमेंट में करंट की चपेट में आए मजदूर, दो की मौत और तीसरा गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: रावतपुर थान क्षेत्र के बालाजी अपार्टमेंट में काम करने आए तीन मजदूर अचानक आए तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसे में करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे मजदूर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
विस्तार
कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित केशवपुरम के बालाजी अपार्टमेंट में तीन मजदूर काम के दौरान अचानक उतरे तेज करंट की चपेट में आ गए। दो मजदूरों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद अपार्टमेंट परिसर में हड़कंप और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों मजदूर शनिवार को बालाजी अपार्टमेंट में किसी कार्य से आए हुए थे। काम करने के दौरान अचानक विद्युत लाइन या किसी उपकरण से आए हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही तीनों मजदूर बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।
पुलिस ने अस्पताल भिजवाया
आसपास के लोगों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति कटवाई, लेकिन तब तक दो मजदूरों की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना तुरंत रावतपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसे तीसरे मजदूर को अस्पताल पहुंचाया।