Kanpur Weather Update: नमी और बढ़ेगी…चलेंगी तेज हवाएं, दो और चार मई के बीच हो सकती है बूंदाबांदी, ये है अलर्ट
Weather News: सीएसए के मौसम विभाग की वेधशाला की रिपोर्ट के मुताबिक सुबह की नमी का प्रतिशत 70 हो गया है। वहीं, दोपहर को नमी का प्रतिशत 37 रहा है। बता दें कि मौसम विभाग ने दो और चार मई के बीच स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है।
विस्तार
कानपुर में नमी भरी हवाओं की वजह से छाए बादलों ने उमस को बढ़ा दिया है। इससे ताप सूचकांक सामान्य 40 से 12 डिग्री बढ़कर 52 पर पहुंच गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मानव स्वास्थ्य के लिए 40 डिग्री से कम तापमान अच्छा है।
नमी भरी हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम हो गया, लेकिन बादल छाए रहने की वजह से रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार से नमी और बढ़ेगी।
हिमालयी क्षेत्र में पहुंच जाएगा पश्चिमी विक्षोभ
इससे तेज हवाएं चलेंगी और गरजने वाले बादल आ सकते हैं। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली हवाओं में नमी की मात्रा और बढ़ गई है। गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में पहुंच जाएगा।
कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी
वहां से भी नम हवाएं आएंगी। तीन तरफ से आकर नम हवाएं मिलेंगी तो तराई, प्रदेश के मध्य और पश्चिमी क्षेत्र में नमी बढ़ेगी। इससे मौसम बदलेगा और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही आंधी-अंधड़ और तेज हवाएं चलेंगी।
नमी का प्रतिशत 37 रहा
सीएसए के मौसम विभाग की वेधशाला की रिपोर्ट के मुताबिक सुबह की नमी का प्रतिशत 70 हो गया है। वहीं, दोपहर को नमी का प्रतिशत 37 रहा है। दक्षिण-पूर्वी हवाएं 12.1 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग ने दो और चार मई के बीच स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है।