कानपुर: बिल्हौर में संपूर्ण समाधान दिवस, एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं, उमड़ी फरियादियों की भीड़
Kanpur News: बिल्हौर विकासखंड सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी मनीष कुमार यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों में सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे।
विस्तार
कानपुर में बिल्हौर तहसील के विकासखंड सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी मनीष कुमार यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों में सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे।
सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप जिलाधिकारी मनीष कुमार यादव ने विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय व तहसील स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में दूर-दराज के इलाकों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी सामने आईं
समाधान दिवस के दौरान तहसील क्षेत्र के गांव-देहात से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। दर्ज मामलों के अनुसार, सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी सामने आईं। फरियादियों ने जमीनी विवादों और निस्तारण में हो रही देरी को लेकर उप जिलाधिकारी के समक्ष अपना दर्द बयां किया।
अधिकारियों को मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश
उप जिलाधिकारी मनीष कुमार यादव ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों के फर्जी आख्या लगाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।