Kanpur: अमेरिकी टैरिफ और भारत-ब्रिटेन समझौते के खिलाफ प्रदर्शन, ट्रेड यूनियन बोलीं- किसानों के लिए है खतरनाक
Kanpur News: अमेरिकी टैरिफ और भारत-ब्रिटेन के मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
कानपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की टैरिफ संबंधी धमकियों और भारत-ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में कानपुर में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने श्रमायुक्त कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।
संयुक्त मंच के संयोजक असित कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने और रूस के साथ व्यापार पर कर लगाने की धमकी भारत की संप्रभुता पर हमला है। उन्होंने भारत-यूके समझौते को देश के किसानों, मजदूरों और आर्थिक स्वतंत्रता के लिए खतरनाक बताया। उनके अनुसार, यह समझौता देश की खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवा को भी प्रभावित करेगा, जिससे बेरोजगारी बढ़ेगी।
कई ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि थे शामिल
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह अमेरिकी धमकियों को अस्वीकार करे और भारत-यूके समझौते की तुरंत समीक्षा करे। उन्होंने भविष्य के सभी व्यापार समझौतों की पूरी संसदीय जांच और सार्वजनिक परामर्श के बाद ही मंजूरी देने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में इंटक, एटक और सीटू सहित कई ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल थे।