Kanpur: बांग्लादेशी नागरिक को संरक्षण देने में पार्षद के खिलाफ एनबीडब्ल्यू की तैयारी
पुलिस फरार निवर्तमान पार्षद की गिरफ्तारी के लिए एनबीडब्लू जारी करने की तैयारी में हैं, जिसके लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी है। इस मामले में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि फरार पार्षद को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
विस्तार
बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान को संरक्षण देने के मामले में फरार चल रहे सपा के निवर्तमान पार्षद मन्नू रहमान पर पुलिस ने शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। मन्नू के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी करने के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। इसके साथ मुस्लिम क्षेत्र में सपा विधायक इरफान सोलंकी संग मन्नू रहमान की होर्डिंग की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है।
इन्हें साक्ष्य के तौर पर कोर्ट में पेश किया जाएगा। मूलगंज पुलिस ने परिवार संग बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान को जेल भेजा था। पुलिस ने डॉ. रिजवान के पास से सपा विधायक इरफान सोलंकी और निवर्तमान पार्षद मन्नू रहमान का लेटरपैड बरामद किया था। इसमें भारतीय नागरिक होने का दावा किया गया था।
पुलिस फरार निवर्तमान पार्षद की गिरफ्तारी के लिए एनबीडब्लू जारी करने की तैयारी में हैं, जिसके लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी है। इस मामले में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि फरार पार्षद को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
अगले सप्ताह मिलेगी हस्ताक्षर मिलान की रिपोर्ट
जेसीपी ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक के पास से विधायक का लेटर पैड बरामद हुआ था। उसी आधार पर डॉ. रिजवान ने पासपोर्ट, आधार कार्ड, पेनकार्ड, डीएल, निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज बनाए थे। पुलिस ने विधायक के हस्ताक्षर के मिलान के लिए कई नमूने फोरेंसिक लैब भेजे थे। जेसीपी का दावा है कि अगले सप्ताह हस्ताक्षर मिलान की रिपोर्ट मिल जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।