{"_id":"6abb831f6a39820ede00cdff","slug":"kanpur-cleanup-of-gravel-scattered-on-roads-begins-mayor-takes-stock-of-the-situation-of-flood-victims-2026-09-29","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: सड़कों पर फैली बजरी की सफाई शुरू, महापौर ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, बोलीं- कल बटेंगे कपड़े व भोजन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: सड़कों पर फैली बजरी की सफाई शुरू, महापौर ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, बोलीं- कल बटेंगे कपड़े व भोजन
Tue, 29 Sep 2026 02:51 PM IST
Himanshu Awasthi
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Himanshu Awasthi
Updated Tue, 29 Sep 2026 02:51 PM IST
सार
Kanpur News: शहर में हादसों का सबब बन रही सड़कों पर फैली बजरी को हटाने का काम महापौर प्रमिला पांडेय की देखरेख में युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। जीटी रोड, हैलट अस्पताल के आसपास और नंदलाल चौराहे पर गिट्टी साफ कराई जा रही है। इसके बाद महापौर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों सुंदर नगर और जरौली का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया।
विज्ञापन
महापौर प्रमिला पांडेय
- फोटो : amar ujala
विस्तार
कानपुर शहर की प्रमुख सड़कों पर बिखरी बजरी और गिट्टी से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। महापौर प्रमिला पांडेय ने खुद कमान संभालते हुए पीडब्ल्यूडी की जीटी रोड, हैलट अस्पताल के आसपास और दक्षिण क्षेत्र के प्रमुख नंदलाल चौराहे पर फैली बजरी को हटवाने का काम शुरू कराया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
विज्ञापन
सड़कों का जायजा लेने के बाद महापौर प्रमिला पांडेय सीधे बाढ़ से प्रभावित जरौली और सुंदर नगर इलाकों में पहुंचीं। वहां उन्होंने जलभराव से प्रभावित नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय निवासियों ने महापौर को बताया कि बाढ़ का पानी घरों में घुसने के कारण उनके पास पहनने और इस्तेमाल करने के लिए कपड़े तक नहीं बचे हैं, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
बुधवार को बटेंगे कपड़े, भोजन की व्यवस्था जारी
बाढ़ पीड़ितों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने बताया कि शहर के विभिन्न समाजसेवी संगठनों और नागरिकों के सहयोग से कपड़े एकत्र किए जा रहे हैं। बुधवार को वे स्वयं प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच कपड़ों का वितरण करेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से कच्चे राशन और पके हुए भोजन की सुचारु व्यवस्था की जा रही है, ताकि कोई भी परिवार भूखा न रहे।