कानपुर: शुक्लागंज में कंडक्टर की गुंडागर्दी, नो-एंट्री में जबरन घुसाई बस, रोकने पर होमगार्ड का पकड़ा गिरेबान
Kanpur News: जाजमऊ पुराने गंगा पुल की मरम्मत के कारण नवीन गंगा पुल पर रोडवेज बसों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद, लखनऊ चारबाग डिपो की एक बस शार्टकट के चक्कर में पुल पर घुस गई। जब ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने बस को रोका, तो बस कंडक्टर अभद्रता और हाथापाई पर उतर आया।
विस्तार
शुक्लागंज में नवीन गंगा पुल से कानपुर की ओर रोडवेज बसों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद मंगलवार को दोपहर लखनऊ चारबाग डिपो की रोडवेज बस शार्टकट के चक्कर में पुल पर जाने लगी तो होमगार्ड ने उसे रोक लिया। बस रोकने पर कंडक्टर होमगार्ड से भिड़ गया। साथ ही, अड़ गया कि वह बस को किसी भी सूरत में नहीं मोड़ेगा।
इस बीच कुछ राहगीरों ने होमगार्ड का पक्ष लिया, तब कंडक्टर शांत हुआ। इसके बाद बस के वापस मोड़ने के दौरान नवीन गंगा पुल पर करीब एक घंटे जाम लगा रहा। मालूम हो कि जाजमऊ पुराने गंगा पुल पर मरम्मत कार्य के चलते कानपुर-लखनऊ के बीच चलने वाली सभी रोडवेज बसों को बदरका चौराहे से आजाद मार्ग होकर सरैया रेलवे क्रॉसिंग से गंगा बैराज होकर कानपुर निकाले जाने के लिए डायवर्जन हुआ है।
बोला- जिसे बुलाना हो बुला लो
इसके बावजूद कई रोडवेज बसें शार्टकट के चक्कर में नवीन गंगा पुल से होकर निकल रही है। मंगलवार दोपहर लखनऊ चारबाग डिपो की एक बस उन्नाव से कानपुर की ओर जाने के लिए नवीन गंगा पुल मोड़ पर जैसे ही पहुंची, वहां तैनात होमगार्ड ने उसे रोक लिया। इस पर बस का कंडक्टर कई यात्रियों के साथ सड़क पर आ गया और होमगार्ड से भिड़ गया। होमगार्ड का गिरेबान पकड़ते हुए बोला, जिसे बुलाना हो बुला लो।
कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी गुंडई
हम बस पीछे नहीं करेगें। कई राहगीरों ने इसका विरोध किया और कंडक्टर को नियम बताते हुए बस को वापस ले जाने को कहा। इस दौरान एक घंटे तक पुल मोड़ के पास जाम लगा रहा। दोपहर एक से दो बजे के बीच लोग जाम से जूझे। उधर, सीओ (ट्रैफिक) प्रदीप मौर्य का कहना है कि मामले की जांच होगी। रोडवेज के एआरएम से बात की जाएगी। इस तरह की गुंडई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।