कन्नौज मर्डर: रंजिश या कोई और वजह? बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, चारपाई पर मिला लहूलुहान शव, जांच शुरू
Kannauj News: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बहेरीन गांव में घर के बाहर नवनिर्मित दुग्ध डेयरी में चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
कन्नौज जिले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बहेरीन गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब घर के बाहर नवनिर्मित दुग्ध डेयरी में चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह लहूलुहान शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
गांव निवासी प्रवेश कुमार (63) घर के बाहर बनी नवनिर्मित दुग्ध डेयरी में चारपाई पर सो रहे थे। शुक्रवार को परिजनों ने उन्हें लहूलुहान हालत में चारपाई पर पड़ा देखा। उनके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और अतिरिक्त निरीक्षक रणजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच की जा रही है।
गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। हत्या के पीछे कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।