Jalaun: मोबाइल फोन छीनने पर 10वीं के छात्र ने ट्रेन से कटकर दी जान, बेटे की मौत से बेहाल हुए परिजन
यूपी के जालौन जिले में मोबाइल से लगातार जुड़े रहते देख परिजनों ने छात्र को डांटा तो उसने ट्रेन से कटकर जान दे दी। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
जालौन जिले के कालपी में मोबाइल फोन की लत आखिरकार 10 वीं के छात्र की मौत का सबब बन गई। लगातार मोबाइल से जुड़े रहते देखकर परिजनों ने छात्र को डांट लगाई और फोन छीन लिया। परिजनों की सख्ती से क्षुब्ध छात्र ने ट्रेन से कटकर जान से दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।
जानकारी पाकर पहुंचे परिजन घटना से बेहाल हैं। घटना थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले की है। कदौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी कैलाश का 16 वर्षीय पुत्र रंजीत कक्षा 10 में पढ़ता था। परिजनों ने बताया कि रंजीत का ज्यादातर समय मोबाइल फोन पर बीतता था। इसके लिए उसे कई बार मना भी किया गया। गुरुवार को छात्र का परिजनों से विवाद हो गया।
परिजनों ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद मोबाइल चलाते देखकर फोन छीन लिया गया था। इसी बात से वह नाराज था। इस दौरान कुछ देर बाद वह परिजनों को बताए बिना घर से निकल गया। परिजन छात्र की खोजबीन में लगे थे, तभी पुलिस ने घटना की सूचना दी। छात्र ने जोल्हूपुर मोड़ पर ट्रेन से कटकर जान दे दी। मृतक रंजीत तीन भाइयों व दो बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से परिजन बेहाल है।