Kannauj: हाईस्कूल की छात्रा अचानक हुई लापता, घर से निकली थी कोचिंग पढ़ने, पुल पर पड़ा मिला साइकिल और बैग
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में हाईस्कूल की छात्रा के अचानक गायब होने से सनसनी फैल गई है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की, तो उधरनपुर पुल पर साइकिल और बैग पड़ा मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली छात्रा दोपहर बाद तक घर नहीं लौटी। वहीं,परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस को छात्रा की साइकिल और बैग नगर से चार किलोमीटर दूर स्थित उधरनपुर पुल पर मिला।
पानी में कूदने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतारकर बालिका की तलाश कराई, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी छात्रा का सुराग नहीं मिल सका। नगर के एक मोहल्ले में किराए पर रहने वाले व्यक्ति की पुत्री (16) सुबह आठ बजे घर पर कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थी।
दोपहर बाद तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। दोपहर बाद किसी राहगीर ने पुलिस को उधरनपुर पुल पर एक साइकिल व उस पर बैंग टंगा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बैग से कापियां व बालिका का हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र मिला।
नदी में गोताखोरों ने की तलाश
उसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने पर नदी में कूदने की आशंका के चलते पुलिस ने स्थानीय गोताखारों को बुलाकर नदी में उतारा। काफी मशक्कत के बाद भी पानी में छात्रा का कहीं अता पता नहीं चल सका। इस बीच सीओ दीपक दुबे भी मौके पर पहुंच गए।
खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
सीओ के निर्देश पर पुलिस ने फर्रुखाबाद रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी चेक किए गए हैं। इनमें छात्रा साइकिल से पुल की तरफ जाती दिखाई दी। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने धारा 363 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।
सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हो रही है जांच
इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार कुशवाहा ने बताया कि छात्रा के गायब होने के तहरीर मिली है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सोमवार को गोताखोरों को बुलाकर नदी में छात्रा की तलाश कराई जाएगी। वहीं, सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।