Hamirpur Accident: नेशनल हाईवे पर दो ट्रालों की जोरदार भिड़ंत, खलासी की मौत और चालक घायल, जांच में जुटी पुलिस
Hamirpur News: मौदहा कस्बे के मकराव के पास नेशनल हाईवे-34 पर बुधवार सुबह दो गिट्टी लदे ट्रालों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे-34 पर बुधवार सुबह मौदहा कस्बे के मकराव के पास दो ट्राला ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार सुबह पांच बजे लखनऊ से गिट्टी खाली करके कबरई की ओर जा रहा था। नेशनल हाईवे-34 में मकराव के पास कबरई की ओर सामने से गिट्टी लदे ट्रक से आमने-सामने भिडंत हो गई। हादसे में गयास (24) पुत्र शाहिद, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्राला चालक हसीब बाबू (25) पुत्र हबीब गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद टक्कर मारने वाला ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर यातायात को सुचारु कराया। कोतवाली प्रभारी सन्तोष सिंह कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।