Kanpur: नशे में धुत कार सवार ने महिला को कुचला…मौत, परिजनों का मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा
Kanpur News: मृतका के पति का कहना था कि वह पिछले दो वर्ष से बीमार चल रहे हैं। पत्नी घरों में चौका बर्तन कर उनका इलाज व बच्चों का पेट पाल रही थी। आरोप लगाया कि हादसे के बाद कार नंबर के आधार पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
विस्तार
कानपुर के रावतपुर थानाक्षेत्र में रविवार देर रात घर के बाहर फुटपाथ पर खड़ी महिला को नशे में धुत कार सवार ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके से भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन वह मौका पाकर भाग निकला। उधर, परिजनों ने गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। नाराज परिजनों ने सोमवार को भूतेश्वर मंदिर चौराहे पर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा काटा।
रावतपुर के भूतेश्वर मंदिर के पास रहने वाले सोनू पासवान की पत्नी मीना पासवान (33) रविवार रात करीब आठ बजे घर के बाहर फुटपाथ पर खड़ी थी। तभी स्कॉट वर्ल्ड स्कूल की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। लोगों ने कार चालक सुधीर सिंह को पकड़कर पुलिस को सौंपा, लेकिन वह भाग निकला। परिजनों ने सोमवार को आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
घरों में चौका बर्तन कर करा रही थी इलाज और बच्चों की देखभाल
पति का कहना था कि वह पिछले दो वर्ष से बीमार चल रहे हैं। पत्नी घरों में चौका बर्तन कर उनका इलाज व बच्चों अनुराग, अनुष्का, दिव्यांशी का पेट पाल रही थी। आरोप लगाया कि हादसे के बाद कार नंबर के आधार पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।