Kannauj: ATM से निकलने लगे दोगुने पैसे, 2000 की जगह मिल रहे थे 4000, डबल पैसों के लिए मची होड़
SBI Atm News: छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में एटीएम के चक्कर में लोग मालामाल होने लगे। आधे की उम्मीद में गए लोगों को दोगुने पैसे मिलने लगे, तो लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। बता दें कि एटीएम से दो हजार निकालने पर चार हजार निकल रहे थे।
विस्तार
कन्नौज जिले में छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने लगे एटीएम से दोगुनी रकम निकलने की जानकारी पर हुजूम उमड़ पड़ा। रात में ही एटीएम के बाहर लाइन लग गई। कई लोगों ने एटीएम की इस दिक्कत का फायदा भी उठा लिया।
हालांकि कुछ ही घंटे बाद मशीन में नकदी खत्म हो गई। नगर के मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित एटीएम पर बुधवार की देर रात एक युवक रुपये निकालने गया। उसने दो हजार रुपये भरे, लेकिन चार हजार निकाल आए। युवक ने इसकी जानकारी दोस्तों को दे दी।
इसके बाद एटीएम पर लंबी लाइन लग गई। कई युवकों ने एटीएम के इस फॉल्ट का फायदा उठाकर दोगुनी नकदी निकाली। रात के समय एटीएम के बाहर लोगों की लाइन लगी रही। कुछ ही घंटों बाद एटीएम से रुपये निकलने बंद हो गए, तो कुछ युवकों को लौटना पड़ा।
शाखा प्रबंधक बोले- मामले की नहीं है जानकारी
यह मामला गुरुवार को दिन भर नगर में चर्चा का विषय बना रहा। इस संबंध में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक विपिन कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। एटीएम को प्राइवेट एजेंसी संचालित कर रही है। जांच करवाई जाएगी।