इटावा। भरथना रोड स्थित गणेश नगर में शुक्रवार देर रात मेडिकल स्टोर में संचालक पर एक बदमाश ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। अनुमान है कि आरोपी बदमाश लूट के इरादे से मेडिकल स्टोर में घुसा था।
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे गांधीनगर निवासी राधा मोहन ओझा के मेडिकल स्टोर पर एक युवक ग्राहक बनकर घुसा। युवक ने दुकानदार से दवा मांगी। राधा मोहन ओझा जैसे ही दवा निकालने के लिए आगे बढ़े, तभी बदमाश ने मौका पाकर धारदार हथियार निकालकर उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में राधा मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकला। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया और उसके बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को बड़ी बारीकी से देखा जा रहा है। इसके अलावा आसपास क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।