Hardoi: नहर किनारे मिट्टी में दबा मिला शव, कई दिन से लापता था युवक, मृतक की पत्नी के करीबी ने कबूली वारदात
Hardoi News: पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी ने बताया कि शव बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के एक करीबी शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान उसने बांकेलाल की हत्या कर शव नहर के किनारे मिट्टी के नीचे दबा देने की जानकारी दी।
विस्तार
हरदोई जिले में हरियावां थाना क्षेत्र के अहमदी गांव से लापता हुए युवक के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। युवक की हत्या कर उसका शव सुरसा थाना क्षेत्र के दुलारपुर गांव में नहर के किनारे मिट्टी के नीचे दबा दिया गया था। हत्या करने वाले शख्स की निशानदेही पर पुलिस ने शव भी बरामद कर लिया है।
अहमदी गांव निवासी बांकेलाल (28) बीती 22 मार्च को दिन में लगभग तीन बजे बाइक से हरदोई की कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले अपने ममेरे ससुर के यहां गया था। देर रात वह बाइक से सरसा में रहने वाले अपने बहनोई के यहां जाने को निकाला था। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर बांकेलाल के भाई सुशील ने गुमशुदगी का मामला हरियावां थाने में दर्ज कराया। 26 मार्च को ही बांकेलाल की बाइक सुरसा थाना क्षेत्र में ढोलिया-झब्बापूर्वा मार्ग पर खड़ी मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी के एक करीबी शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
नहर के किनारे मिट्टी में दबाया था शव
इसी दौरान उक्त शख्स ने बांकेलाल की हत्या कर शव नहर के किनारे मिट्टी के नीचे दबा देने की जानकारी दी। रविवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी ने बताया कि शव बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ ही घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।