चित्रकूट: रामलीला भवन के सामने कमरे में भड़की आग, अंदर फंसा परिवार; हादसे में युवक की मौत, पिता-पुत्र गंभीर
Chitrakoot news: शहर के धुस मैदान स्थित रामलीला भवन के सामने शुक्रवार रात एक कमरे में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 42 वर्षीय सोहन वर्मा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता बृजलाल और राजू गंभीर रूप से झुलस गए।
विस्तार
बताया गया कि तीनों कमरे में रहकर कुर्सी बुनाई का काम करते थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया और अंदर मौजूद तीनों लोग फंस गए।कमरे से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अंदर से चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी अरुण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कमरे में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकलवाया।
आग में बुरी तरह झुलसे तीनों
कमरे से बाहर निकाले गए तीनों लोग आग में बुरी तरह झुलस चुके थे। पुलिस ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण 42 वर्षीय सोहन वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक सोहन वर्मा घायल बृजलाल का बेटा था। वहीं बृजलाल और राजू भी गंभीर रूप से झुलसे हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
कुर्सी बुनाई का काम करता था परिवार
बताया गया कि परिवार कमरे में रहकर कुर्सी बुनाई का काम करता था। इसी कमरे में काम का सामान भी रखा हुआ था। आग लगने के बाद पूरा कमरा इसकी चपेट में आ गया और अंदर रखा सामान जल गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग से हुए नुकसान और घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।