Kanpur: गर्मी में बैठे 600 ट्रांसफार्मर, ढाई लाख घरों की आठ घंटे तक बिजली गुल, कई सबस्टेशनों में रही दिक्कत
Kanpur News: शहर में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट भी बढ़ गया है। बीती रात छोटे-बड़े 600 से अधिक ओवरलोड ट्रांसफार्मरों में फॉल्ट हुए, तो कहीं केबल जल गए। इस वजह से करीब ढाई लाख घरों की बिजली आठ घंटे तक बाधित रही।
विस्तार
कानपुर में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भी कई सबस्टेशनों में फॉल्ट हुए। छोटे-बड़े 600 से अधिक ओवरलोड ट्रांसफार्मरों में फॉल्ट हुए तो कहीं केबल जल गए। इस वजह से करीब ढाई लाख घरों की बिजली आठ घंटे तक बाधित रही। बता दें एक बड़े ट्रांसफार्मर से करीब 500 घरों को कनेक्शन दिया जाता है। इसके अलावा कई इलाकों में शटडाउन लेकर काम भी कराया गया। इस वजह से भी बिजली कटौती रही।
साइकिल मार्केट सबस्टेशन: तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर फुंका
बिजली घर डिवीजन के साइकिल मार्केट सबस्टेशन के तहत 400 केवीए क्षमता का टांसफार्मर सुबह करीब 4:20 पर फुंक गया। तेज आवाज से हड़कंप मच गया। इसको सही होने में छह घंटे से अधिक का समय लगा। सप्लाई शुरू कराई गई, लेकिन शाम छह बजे तक कई बार बिजली आती-जाती रही।
फूलबाग सबस्टेशन: एबीसी केबल में आया फॉल्ट
फूलबाग उपकेंद्र की एलटी एबीसी केबल में सुबह 7:05 बजे फॉल्ट आ गया, जिसकी वजह से 400 केवीए तारघर ट्रांसफार्मर बंद हो गया। इससे जुड़े घरों की आपूर्ति एकसाथ ठप हो गई। केस्को की गैंग फाॅल्ट दुरुस्त करने में देर शाम तक लगी रही। बीच में कुछ कुछ देरी के लिए सप्लाई आई भी थी, लेकिन फिर फॉल्ट हुआ।
दालमंडी सबस्टेशन: सीटी ब्लास्ट होने से भूसाटोली फीडर ठप
फूलबाग खंड के दालमंडी सब स्टेशन के अंतर्गत दोपहर 1:55 बजे सीटी ब्लास्ट हो गई। इससे 11 केेवी भूसाटोली फीडर और बिरहाना रोड फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। यहां आवास के साथ ही कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। केस्को की टीम सीटी बदलने में जुटी रही, लेकिन शाम सात बजे तक कई मोहल्लों में बिजली नहीं आई।
बेनाझाबर सबस्टेशन: लीड जलने से पावर ट्रांसफार्मर बंद
नवाबगंज खंड के बेनाझाबर सबस्टेशन के पावर ट्रांसफार्मर की लीड जल गई, जिससे जुड़े 11केवी हर्षनगर, 11 केवी अशोकनगर, 11 केवी नर्सिंगहोम, 11 केवी गीतापार्क फीडर ठप हो गया। दोपहर 2.55 बजे गई बिजली शाम पांच बजे ठीक हो गई। कुछ जगहों पर फेज न आने की समस्या बरकरार रही।
687 बार आई-गई बिजली
शहर में बुधवार को 687 बार बिजली सप्लाई बाधित हुई। कहीं एक घंटे से अधिक का फाॅल्ट हुआ तो पूरे दिन बार-बार ट्रिपिंग की समस्या पैदा होती रही। अधिकतम लोड 680 मेगावाट रहा। 29 मई को केस्को की संपूर्ण औसत विद्युत आपूर्ति 23 घंटे 34 मिनट रही।
इस तरह गई बिजली
- 05 से 15 मिनट- 390 बार
- 15 से 30 मिनट- 165 बार
- 30 से 59 मिनट- 97 बार
- एक घंटे से अधिक- 35 बार
शटडाउन जारी, आज कई इलाकों में 11 घंटे नहीं रहेगी बिजली
केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत रंगीला ने बताया कि 30 मई को कई इलाकों में शटडाउन रहेगा। इसमें खंड कल्याणपुर के उपकेंद्र केशवपुरम के जे-ब्लॉक, एल-ब्लॉक, मसवानपुर, ब्रह्मदेव चौराहा, शिवनगर, सुरेंद्र नगर, अशोक वाटिका के क्षेत्र शटडाउन से प्रभावित रहेंगे। इस शटडाउन की अवधि सुबह 9:30 से रात आठ बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इस दौरान 5 एमवीए पावर परिवर्तक की क्षमता वृद्धि कर 10 एमवीए पावर परिवर्तक लगाए जाने का कार्य किया जाएगा। यह बिजनेस प्लान-2023-24 में प्रस्तावित है।