झांसी। नए साल पर नोटघाट पुल व गड़िया डैम पर मोटर पंप खराब होने से रेलवे स्टेशन, रेलवे अस्पताल, पश्चिमी रेलवे कॉलोनी, डीआरएम कार्यालय समेत सभी कार्यालयों की जलापूर्ति ठप रही। ट्रेनों में पानी तक नहीं भर सका। इससे यात्री परेशान रहे।
रेलवे क्षेत्र को नोटघाट पुल व गड़िया डैम से जलापूर्ति मिलती है। रेलवे ने दोनों जगह मोटर पंप लगा रखे हैं। पुलिया नंबर नौ के निकट बने फिल्टर प्लांट पर जलशोधन होता है। इस प्लांट से रेलवे स्टेशन, रेलवे अस्पताल, डीआरएम कार्यालय, रेलवे कॉलोनी समेत आसपास के सभी कार्यालयों को जलापूर्ति दी जाती है। बृहस्पतिवार रात नोटघाट पुल व गड़िया डैम पर लगे मोटर पंपों में खराबी आ गई। इससे फिल्टर प्लांट को कच्चा पानी मिलना बंद हो गया। नए साल पर उक्त सभी स्थानों की जलापूर्ति ठप पड़ गई। रेलवे स्टेशन पर पानी न होने से ट्रेनों में भी नहीं भरा जा सका। देर शाम तक 30 से अधिक ट्रेनें बिना पानी लिए झांसी से आगे के लिए रवाना हो गईं। इसी तरह स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय, भोजनालय में पानी के बिना लोग परेशान रहे। स्टेशन की धुलाई नहीं हो सकी। रेलवे अस्पताल में मरीज पानी न होने से बेहाल रहे। कई मरीजों के परिजन हैंडपंप से पानी भरकर अस्पताल तक लाए, ताकि मरीज उसका उपयोग शौच आदि कार्यों के लिए कर सकें। खासकर कोविड वार्ड के मरीजों को ज्यादा परेशान होना पड़ा। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पंप मोटरों की खराबी को दूर कर लिया गया है। देर शाम से पानी आना शुरू हो गया है। शनिवार से स्थिति सामान्य हो जाएगी।