पूर्व पार्षद समेत दो अपराधियाें की एक करोड़ 80 लाख की संपत्ति कुर्क
झांसी। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने पूर्व पार्षद समेत दो अपराधियों की एक करोड़ 80 लाख की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस दोनों आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर पहले ही जेल भेज चुकी है। आरोपियों पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के साथ भारी फोर्स भी मौजूद रहा।
नई बस्ती निवासी पूर्व पार्षद वीरू उर्फ वीरेंद्र कुशवाहा और मुकरयाना मोहल्ला निवासी कामरान पर कई आपराधिक मुकदमे कोतवाली में दर्ज हैं। पिछले दिनों पुलिस ने दोनों पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर जेल भेजा था। अपराध से हासिल की गई संपत्ति को कुर्क करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। डीएम से आदेश मिलने के बाद शुक्रवार को अपर नगर मजिस्ट्रेट शशिभूषण, सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेश शुक्ला भारी फोर्स के साथ वीरू कुशवाहा की 60 लाख कीमत की दो दुकानों को सील कर दिया। इसी तरह, गुलाम गौस खां पार्क के पीछे बने नाले का बाग में 50 लाख रुपये कीमत वाले दो मंजिला मकान को भी सील किया। इधर, गुलाम गौस खां पार्क के पास बने कामरान के बाड़े पर अधिकारियों की टीम पहुंची। यहां करीब 70 लाख कीमत से बने बाडे़ को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।