फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   khule manch pr apsaro se sambad

खुले मंच पर अफसरों से हुआ संवाद, मुद्दों पर हुई बात

Wed, 16 May 2018 01:45 AM IST
amarujala
amarujala Updated Wed, 16 May 2018 01:45 AM IST
विज्ञापन
khule manch pr apsaro se sambad
city chopal, jhansi news - फोटो : amar ujala, jhansi news
मंगलवार को अमर उजाला, जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल और सुभाष गंज व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में ‘सिटी चौपाल’ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों का व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद हुआ। इस दौरान व्यापारियों ने बाजारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही चौपाल में पहुंचे आम नागरिकों ने भी शहर के विभिन्न इलाकों में व्याप्त समस्याओं की ओर जिम्मेदार लोगों का ध्यान आकर्षित कराया।
विज्ञापन


सुभाष गंज के रामलीला मैदान में आयोजित चौपाल में समस्याओं को सिलसिलेवार ढंग से उठाया गया। व्यापारियों ने पहले पुलिस विभाग से जुड़े मुद्दे उठाए। इसके बाद नगर निगम से संबंधित समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षित कराया गया। इसी तरह से बिजली विभाग, जल संस्थान, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। चौपाल में आने वाली सभी समस्याओं को संबंधित विभागों ने दर्ज किया और अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि स्मार्ट सिटी बनने जा रहे शहर के सभी बाजार भी स्मार्ट होंगे। चौपाल में आईं सभी समस्याओं को व्यापारियों की सहभागिता से हल किया जाएगा। बाजारों के सुधार की हर योजना का खाका व्यापारियों और ग्राहकों की सहूूलियतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
विज्ञापन


चौपाल की अध्यक्षता जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष विजय जैन ने की। चौपाल में महापौर रामतीर्थ सिंघल, एसपी सिटी देवेश कुमार पांडेय, अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राकेश बाबू गौतम, नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी डा. पुष्पराज गौतम, सहायक अभियंता एम एल त्रिपाठी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी राकेश कुमार द्विवेदी, बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी शोभित दीक्षित, जल संस्थान के सहायक अभियंता ए पी मिश्रा व अनिल चौधरी और टैंकर प्रभारी मोहम्मद फरहत खान शामिल हुए। संचालन दिनेश जोशी ने किया। आभार जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री ए के सोनी ने जताया।
विज्ञापन
विज्ञापन

 
यह उठीं समस्याएं
----------------
- सीपरी बाजार में कलारी से छोटी माता मंदिर तक और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण व्याप्त है। अतिक्रमण से रास्ते संकरे हो गए हैं। आवागमन बाधित होता है।
- ए के सोनी, प्रदेश महामंत्री - जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल

- आर्यकन्या चौराहे पर गलत जगह पर प्याऊ का निर्माण कर दिया गया है। इसका प्रयोग भी नहीं हो रहा है। इसकी आड़ में सड़क किनारे पड़ी खाली जगह पर व्यापक पैमाने पर अतिक्रमण हो गया है।
- बी के पांडेय, प्रदेश संयोजक - जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल  

- जीवनशाह तिराहे पर सड़क पर गाड़ियां खड़ी रहती हैं। व्यापक पैमाने पर अतिक्रमण भी पसरा हुआ है। इससे आवागमन बाधित होता है। दिन में कई बार जाम लगता है।
- जगदीश प्रसाद साहू, व्यापारी

- नगर निगम की ओर से शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में मजबूरन लोग अपनी गाड़ियां यहां-वहां खड़ी करते हैं, तो पुलिस गाड़ियां उठा ले जाती है। आखिर गाड़ी कहां रखें?
- राघव वर्मा, सराफा कारोबारी  

- शहर में पार्किंग के लिए जगह नहीं है, जबकि पास में ही रामचरित मानस मैदान की जमीन खाली पड़ी हुई है। यहां पार्किंग बनाई जाए और मिनर्वा पर पार्किंग स्थल शुरू किया जाए।
- अतुल जैन, अध्यक्ष - मानिक चौक व्यापार मंडल

- सुभाष गंज में पीने के पानी का कोई इंतजाम नहीं है। यहां लगे चारों हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। इसके अलावा कचरे घर की नियमित सफाई नहीं होती, जिससे बुरा हाल है।
 - संजय, व्यापारी  

- सरकारी विभागों में समन्वय नहीं है। एक विभाग रोड डालता है, दूसरा काट देता है। इसके अलावा सरकारी विभाग की अतिक्रमण किए हैं, बिजली के ट्रांसफार्मर भी सड़कों पर रखे हैं।
- अतुल किलपन, जिला महामंत्री - जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल

- सूद कॉलोनी में बने पार्क की ओर नगर निगम ध्यान नहीं दे रहा है। इसके अलावा कालोनी में एपेक्स भी उखड़ रहे हैं। गेट पर शराब का गोदाम होने की वजह से लोगों का जमावड़ा बना रहता है।
- लिली जैन, सूद कालोनी निवासी

- शहर में होने के बाद भी नगरिया कुआं इलाका शहरी सुविधाओं से वंचित है। सड़क नहीं है, कई घरों में बिजली के कनेक्शन तक नहीं है। अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है।
- अन्नू चौरसिया, महामंत्री - महिला प्रकोष्ठ जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल

- बड़ाबाजार में वशिष्ठ मार्केट समेत रेडीमेड कपड़ों की पांच मार्केट हैं। बावजूद, पीने के पानी तक की सुविधा नहीं है। छुट्टा जानवरों की भरमार है। अक्सर शाम छह से रात नौ बजे तक लाइट बंद कर दी जाती है।
- रमेश चंद्र राही, व्यापारी  

- शहर के नालों की अब तक सफाई नहीं हुई है। यहां तक की सबसे बड़ा नटवली नाला भी साफ नहीं किया गया है। समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो बारिश में शहर के कई इलाकों में जल भराव होगा।
- मुकेश अग्रवाल, अध्यक्ष - सराफा बाजार व्यापार कमेटी

- सुभाष गंज में ट्रैफिक बड़ी समस्या बन गई है। यातायात नियंत्रण के प्रभावी उपाय नहीं किए जा रहे हैं। कारोबारी और ग्राहक, दोनों ही परेशान हैं। बावजूद, ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
- पुनीत अग्रवाल, व्यापारी  

यह भी रहे मौजूद
जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद किलपन, नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, महामंत्री नवनीत दीक्षित, जिला युवा जिलाध्यक्ष विकास वर्मा, नगर अध्यक्ष अभिषेक सोनी, सुभाष गंज व्यापार मंडल के संरक्षक अनूप गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री अनिल सुडेेले, प्रदेश कोषाध्यक्ष सूर्यप्रकाश अग्रवाल, पुरुषोत्तम स्वामी, रामेश्वर राय, अनूप गुप्ता, प्रमोद शिवहरे, श्यामजी राय, ओमप्रकाश साहू, पुनीत दीक्षित, अतुल किलपन, विनोद सब्बरवाल, धर्मेंद्र विसो, विकास, पार्षद नीरज गुप्ता, लखन कुशवाहा, अब्दुल जाबिर व सुनील नैनवानी,  आदर्श गुप्ता, नीतेश सोनी, शैलेष चौरसिया, अजय खुराना आदि समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।

विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे
चौपाल में केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि शहर के अलग-अलग हिस्सों से लोग पहुंचे और अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताईं। खासतौर पर पानी से जुड़ी समस्याओं की ओर लोगों ने ध्यान आकर्षित कराया। शिकायतें लिखित में भी दी गईं।

दुकानों की मरम्मत भी नहीं करा रहा निगम
साठ साल पहले गंज में नगर पालिका ने दुकानें बनाईं थीं। कारोबार बढ़ने पर अब इन दुकानों में जगह कम पड़ने लगी है। माल दुकान के बाहर रखना पड़ता है, जो अतिक्रमण के दायरे में आता है। दुकानें जीर्णशीर्ण अवस्था में हैं। नगर निगम मरम्मत करा नहीं रहा, दुकानदार काम कराते हैं तो निगम का नोटिस मिलता है। नगर निगम को इन दुकानों के दूसरे माले पर दुकान का निर्माण कर व्यापारियों को देनी चाहिए, जिससे अतिक्रमण की समस्या नहीं रहेगी और निगम का किराया भी बढ़ेगा। निगम चाहे तो व्यापारी दुकान अपने पैसे से भी बना सकते हैं, जिसकी बाद में किराये में कटौती हो जाएगी। इसके अलावा बाजार में नाले - नालियों के ऊपर लगे लोहे के जाल टूटे हुए हैं। सफाई का भी बुरा हाल है।  
- विजय जैन, प्रांतीय अध्यक्ष - जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल

शानदार प्रयास से हुई सीधी बात
सिटी चौपाल के आयोजन का अमर उजाला का प्रयास शानदार रहा है। इससे जिम्मेदार लोगों तक जनता की सीधी बात पहुंची है। आगे भी इस तरह के प्रयास होते रहना चाहिए। चौपाल में नगर निगम से संबंधित जो समस्याएं आईं हैं, उन्हें तत्काल हल किया जाएगा। साथ ही बाजारों की व्यवस्था में सुधार के लिए योजना तैयार की जाएगी। इसमें व्यापारियों की सहभागिता भी रखी जाएगी। सफाई के प्रति लोग स्वयं भी जागरूक हों।
- रामतीर्थ सिंघल, महापौर

प्राथमिकता पर हल होंगी समस्याएं
चौपाल आईं समस्याएं प्राथमिकता से निस्तारित की जाएंगी। पुलिसिंग और बेहतर हो, इसके लिए लोगों को भी सहयोग करना होगा। जागरूक होने की जरूरत है। अतिक्रमण हटाने में भी पुलिस नगर निगम का पूरा सहयोग कर रही है। निगम की टीम को थाना पुलिस के साथ-साथ पीएसी तक उपलब्ध कराई जा रही है। लोग अपनी समस्याएं, सीधे पुलिस के पास लेकर आएं।

- देवेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी  

शत प्रतिशत होगा निराकरण
अमर उजाला की चौपाल के जरिये एक ही मंच पर एक साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी और आम नागरिकों की समस्याएं सामने आईं हैं। समस्याएं वाजिब हैं और इनका शत प्रतिशत हल किया जाएगा। इस तरह के आयोजनों से शहर की जरूरतों के बारे में पता चला है। विकास की योजनाएं इन बातों को ध्यान में रखकर बनाई जाएंगी।
- रोहन सिंह, अपर नगर आयुक्त
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed