{"_id":"6878026883ef3dd4d60aef18","slug":"bu-hostels-are-being-vacated-as-seniors-are-not-paying-the-fees-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-599252-2025-07-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"बीयू : सीनियर्स के फीस जमा नहीं कराने पर खाली कराए जा रहे हॉस्टल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बीयू : सीनियर्स के फीस जमा नहीं कराने पर खाली कराए जा रहे हॉस्टल
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का प्रशासन यूं ही सीनियर छात्रों से हॉस्टल खाली नहीं करवा रहा है। इसकी वजह करीब 200 छात्रों का हॉस्टल फीस जमा नहीं करना और आए दिन जूनियर छात्रों का उत्पीड़न करना मुख्य वजह हैं। एक-दो दिन में हॉस्टल सीनियर से खाली करा लिया जाएगा। एक अगस्त से नवप्रवेशितों को आवंटन होगा। तर्क है छात्राओं को हॉस्टल्स से ऐसी कोई शिकायत नहीं है, जिसकी वजह से वहां नई व्यवस्था नहीं लागू की है।
विवि के चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके सैनी ने बताया कैंपस के अंदर छात्रों के समता, लार्ड बुद्धा और ओबीसी हॉस्टल हैं। इन हॉस्टल के अंदर करीब 300 छात्रों के रहने की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि सीनियर छात्र हॉस्टल छोड़ने के लिए तैयार नहीं होते हैं और फीस भी जमा नहीं करते हैं। ऐसे करीब 200 छात्र हैं, जो तमाम नोटिस देने के बाद भी फीस जमा नहीं करते हैं। यही नहीं, हॉस्टल में आने वाले जूनियर छात्रों का गाहे-बगाहे उत्पीड़न करते रहते हैं, जिसकी आए दिन शिकायतें आती रहती हैं।
विज्ञापन
बीते शिक्षा सत्र में हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने कई जूनियर छात्रों के साथ मारपीट की। आए दिन तोड़फोड़ करने की शिकायतें मिलीं। जिसके चलते तभी विवि प्रशासन ने हॉस्टल नवप्रवेशितों को आवंटित करने का फैसला लिया था। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में हॉस्टल पूरी तरह से खाली करवा लिया जाएगा। एक अगस्त से नवप्रवेशितों को आवंटन करना शुरू कर देंगे।
विज्ञापन