झांसी। दिनभर गर्मी और उमस झेलने के बाद झांसी वासियों को मंगलवार की शाम को राहत मिली। हालांकि, कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात हुई लेकिन सर्द हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने आगे के दिनों में भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहने से धूप खिली हुई थी। उमस से लोगों का हाल बेहाल था। सुबह 11 बजे के आसपास पास हल्की वर्षा शुरू हो गई लेकिन कुछ देर में ही थम गई। इससे उमस और बढ़ गई। शाम को एकबार फिर मौसम बदला। छह बजे से अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ देर बाद बारिश होने लगी। आवास विकास, प्रेमनगर और नगरा में काफी तेज पानी गिरा लेकिन शहर के दतिया गेट बाहर, इलाइट चौराहे, ग्वालियर मार्ग, आयोध्यापुरी, पीतांबरा नगर में हल्की बारिश और शिवाजी नगर, मेडिकल कॉलेज समेत आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हुई। बारिश थमने के बाद भी सर्द हवाएं चलती रहीं, इससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को गर्मी, उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगे के दिनों में भी बारिश हो सकती है।