कदौरा। कस्बे में गड्ढा युक्त सड़क व पाइप लाइन लीकेज होने के कारण कीचड़ से लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। रविवार को भी यहां ट्रक्टर ट्राली फंसने से ट्राली में बैठा दो युवक घायल हो गए। बाशिंदों ने जल्द से जल्द सड़क के निर्माण की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला पुरवा कुरयाता की मुख्य सड़क पूर्णता ध्वस्त है साथ ही इसमें पड़ी पाइप लाइनों में लीकेज की वजह से पानी भरा रहता है। जिससे इस रास्ते से निकलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को कस्बा निवासी सुल्तान अली अपने ट्रैक्टर में गेहूं लाद कर कुरारा हमीरपुर बेचने जा रहा था। जैसे ही वह इस सड़क पर पहुंचा ट्राली का पहिया गड्ढे में फंस जाने के कारण ट्राली के ऊपर बैठे मइयादीन व तुलसीराम गेहूं की बोरियों सहित नीचे गिरकर घायल हो गए। जिन्हें मोहल्ले व दुकानदारों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया। मोहल्ले के मेवालाल, विद्यासागर, रघुवीर सिंह, विश्वनाथ, संतराम, ब्रजेश, हंसराज, धर्मेंद्र व नसरुद्दीन ने बताया कि विगत तीन माह से पाइप लाइन ध्वस्त है जिसकी शिकायत जल संस्थान से लेकर जल निगम में की थी पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आए दिन इस सड़क में हादसे हो रहे है। इस संबंध में नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।