एट। अपर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने रविवार को फीता काटकर आयुष्मान स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि कोरोना की बीमारी अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है, इसको खत्म करने के लिए ज्यादा से ज्यादा वैक्सीन लगवाएं। मास्क के साथ सामाजिक दूरी का भी पालन करें। उधर, निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टर के न आने की शिकायत भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने लोगों को कोविड 19 को लेकर जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने वहां मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी की। ग्रामीणों राकेश पटेल, अमित कुमार, अजीत, लालजी, हरिशंकर इमाम बक्स ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमई पर तैनात डॉक्टर धनीराम चंदेरी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। बताया कि वह नदारद रहते हैं। इस पर अपर मुख्य सचिव ने डॉक्टर को फटकार लगाते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी उषा सिंह को जांच कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.बी एम खैर, डां. कमलेश राजपूत प्रभारी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।