हाथरस सड़क हादसा: सादाबाद-आगरा मार्ग पर ट्रक-कार भिड़ंत, आगरा एचडीएफसी बैंक में तैनात युवक की मौत
तेज रफ्तार ट्रक ने आगरा की ओर से आ रही फोर्ट कार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार अक्षय ठाकुर उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आवश्यक कार्रवाई की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस के सादाबाद-आगरा मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात सड़क हादसे में कार सवार 35 वर्षीय बैंककर्मी अक्षय ठाकुर उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच सादाबाद-आगरा मार्ग पर सब्जी मंडी और कुरसंडा मोड़ के मध्य आगरा की ओर से आ रही एक फोर्ड कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार गांव कोंकना खुर्द निवासी अक्षय ठाकुर उर्फ सोनू पुत्र जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। अक्षय ठाकुर आगरा के संजय पैलेस स्थित एचडीएफसी बैंक में निजी कर्मचारी के रूप में नौकरी करते थे। रोजाना की तरह वह काम समाप्त करने के बाद आगरा से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक कोतवाली में किसी की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रात में भाई से फोन पर कहा था-गांव लौट रहा हूं
मृतक के भाई गोलू ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे अक्षय का फोन आया था। उन्होंने बताया था कि वह आगरा से अपने गांव कोंकना खुर्द लौट रहा है। इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार के लिए बेहद दुखद खबर आ गई। करीब तीन बजे सहपऊ कोतवाली पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहां अक्षय को मृत देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
अक्षय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा दो मासूम बेटों आठ वर्षीय व्योम और छह वर्षीय युवान को छोड़ गए हैं। मासूम बच्चों को जब घटना की जानकारी हुई तो घर का माहौल बेहद गमगीन हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव के घर पर पहुंचते ही पत्नी और बच्चों के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी हादसे की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाते रहे।