सादाबाद: पूर्व सैन्य कर्मी-पत्नी की हत्या में पुलिस ने खंगाले 500 सीसीटीवी फुटेज, हमलावर वीडियो में कैद
पूर्व सैन्य कर्मी शमसुद्दीन और पहली पत्नी सद्दो बेगम की हत्या में पुलिस हमलावरों के करीब पहुंच गई है। 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। चार युवक घर के बाहर वीडियो में कैद हुए हैं।
विस्तार
सादाबाद में पूर्व सैन्य कर्मी शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी सद्दो बेगम की हत्या के मामले में पुलिस हमलावरों के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने 500 से अधिक निगरानी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली हैं। आरोपियों का पीछा करते हुए पुलिस जलेसर तक पहुंच गई है। संपत्ति के साथ अवैध संबंधों की भी जानकारी पुलिस को मिली है। इस मामले में पुलिस ने अहम सुराग जुटाए हैं।
सूत्रों के अनुसार, संपत्ति विवाद में ही पति-पत्नी की हत्या की गई थी, जिसमें परिवार के सदस्य व रिश्तेदारों का हाथ हो सकता है। पुलिस मंगलवार को घटना का पर्दाफाश कर सकती है। निगरानी कैमरे में चार युवक रविवार सुबह 4 बजे शमसुद्दीन के घर के बाहर दिखे। एक परिचित ने गेट खुलवाया और चारों ने ऊपर पहुंचकर हमला किया। दोनों का गला रेतने के बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सदमा और रक्तस्राव बताई गई है। शमसुद्दीन के शरीर पर 16 और सद्दो बेगम के शरीर पर 18 जख्म पाए गए।
पुलिस टीम लगातार घटना पर काम कर रही हैं। कई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी हैं। अवैध संबंधों के मामले की भी जानकारी मिली है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जाएगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
विज्ञापन विज्ञापन
संपत्ति विवाद और जांच
पुलिस इस मामले को पांच महीने पहले घर में हुई चोरी से भी जोड़कर देख रही है। उस चोरी में दूसरी पत्नी सीमा और उसके भाई पर आरोप लगे थे। जांच में संपत्ति विवाद भी सामने आया है। पहली पत्नी सद्दो बेगम के नाम पर 10 बीघा जमीन और अन्य संपत्तियां थीं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने जल्द खुलासे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा तैयार किया
इस्लाम नगर में हुए दंपती हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच तेज की है। रविवार को समसुद्दीन और उनकी पत्नी समीना उर्फ सद्दो के शव खून से लथपथ मिले थे। मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। सोमवार को पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया। पुलिस ने संभावित रास्तों और आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस अधीक्षक ने हत्याकांड के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की हैं। टीमें सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों से संदिग्धों की जानकारी जुटा रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि टीमें मुस्तैदी से जुटी हैं और जल्द खुलासा करने का प्रयास है।