किसान का हाथ काटने वाले दोनों आरोपी गए जेल
सासनी के गांव जिरौली में सोमवार को हमला कर किसान के हाथ का पंजा काटने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इधर हमले में घायल देशराज का इलाज अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने देशराज के ताऊ विजेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपियों ललित पुत्र गिर्राज किशोर निवासी आशीर्वाद वाटिका, हाथरस और अभिषेक पुत्र शिवकुमार निवासी पिलखुनिया, इगलास, अलीगढ के विरुद्ध अंगभंग करने के आरोप में धारा 336 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
ग्रामीणों के मुताबिक सेामवार देर रात ललित और उसका दोस्त अभिषेक अपाचे बाइक पर एक खेत में पहुंचे। बताते हैं उनके साथ एक युवती भी थी। आरोपियों ने खेत में बैठकर बीयर पी। इसी बीच देशराज पुत्र कन्हैया लाल और उसका भतीजा आकाश पुत्र सतेंद्र सिंह खेत पर खड़ी फसल में पानी लगाने पहुंचे। उन्होंने बीयर पी रहे आरोपियों से चले जाने को कहा।
इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। तभी एक आरोपी ने धारदार हथियार से देशराज के हाथ पर वार किया, जिससे उसके हाथ की अंगुलियां कट गईं। हमला करने के बाद आरोपी बाइक लेकर भागने लगे। देशराज की यह हालत देखकर साथ मौजूद आकाश ने शोर मचा दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर आ गए। भाग रहे आरोपियों को दौड़कर दबोच लिया गया और जमकर धुना गया। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताते हैं कि युवती भी मौके का फायदा उठाकर खिसक ली।