{"_id":"590b7b994f1c1b9b65441054","slug":"death-of-laborer-due-to-hiatus-line","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो, हरदोई
Updated Fri, 05 May 2017 12:36 AM IST
विज्ञापन
बिजली का करंट
- फोटो : प्रतिकात्मक
हरदोई। देहात कोतवाली के भीठादानपुर गांव में गुरुवार को हाईटेंशन लाइन से टूटकर गिरे तार की बिजली की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर हल्का लेखपाल पहुंचे और मृतक के परिजनों को खर्चा दिलाने की बात कही। इस पर ग्रामीण भड़क गए और गाली गलौज करते हुए उनकी बाइक तोड़ दी। एसडीएम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
देहात कोतवाली क्षेत्र के भीठादानपुर निवासी भन्नू (45) पुत्र मुल्ला भट्ठे पर मजदूरी करता था। बुधवार रात आंधी चलने से गांव के बाहर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया था। जिसकी ग्रामीणों को जानकारी नहीं थी। सुबह करीब छह बजे भन्नू खेतों की तरफ शौच के लिए निकला था। इसी दौरान जमीन पर पड़े हाईटेंशन लाइन के तार में आ रही बिजली की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे की जानकारी होते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण भन्नू की मौत की वजह जर्जर तार होने की बात कहकर बिजली विभाग के अधिकारियों को क ोष रहे थे। इस दौरान हादसे की सूचना पर हल्का लेखपाल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को खर्चा दिलाने की बात कही। इसी बात से ग्रामीण भड़क गए और लेखपाल को गाली गलौज करते हुए उनकी बाइक तोड़ दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल हीरालाल ने ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया।
विज्ञापन
काफी प्रयास के बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए। मामले की जानकारी पर एसडीएम सर्वेश गुप्ता व कानून गो पहुंचे और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। बताया कि तहरीर मिलने पर पड़ताल की आगे की कार्रवाई की जाएगी।