Ghazipur: हेरोइन तस्कर सरफराज अंसारी का ढाई करोड़ का मकान कुर्क, नशे के सौदागरों में मची खलबली
गाजीपुर पुलिस-प्रशासन की टीम ने रविवार को हेरोइन तस्कर सरफराज अंसारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सरफराज की बहुपुरा स्थित दो करोड़ 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया।
विस्तार
यूपी के गाजीपुर में पुलिस प्रशासन ने रविवार को हेरोइन तस्कर सरफराज अंसारी पर कार्रवाई की। सरफराज की शहर के बहुपुरा कॉलोनी स्थित दो करोड़ 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई इसे कार्रवाई से जिले भर के नशे के सौदागरों में खलबली मची है।
शहर कोतवाली के नुरूद्दीनपुरा निवासी सरफराज अंसारी हेरोइन तस्करी का धंधा गैंग बनाकर करता है। वर्तमान समय में वह जिला कारागार में निरूद्ध है। इसके काले कारनामों की जांच रामपुर मांझा थानाध्यक्ष संतोष राय ने की थी। बीते 10 मार्च को पुलिस अधीक्षक को सौंपी रिपोर्ट सौंपी थी।
पुलिस अधीक्षक ने बीते 18 मार्च को संस्तुति दी। इसके बाद जिलाधिकारी ने कार्रवाई की मुहर लगाई। रविवार दोपहर एक बजे शहर कोतवाली पुलिस टीम बहुपुरा मुहल्ला पहुंची और सुरक्षा के दृष्टिकोण से चक्रमण शुरू कर दिया गया। सीओ सिटी गौरव कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने मुनादी कराई।
ये भी पढ़ें: आकांक्षा दुबे केस का एक और CCTV फुटेज आया, उस दिन इस तरह से खुला कमरा नंबर 105 का दरवाजा
राजस्व टीम ने बहुपुरा मुहल्ला स्थित 322 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने तस्कर सरफराज अंसारी के मकान को कुर्क कर लिया। इसका बाजार मूल्य कीमत दो करोड़ 50 लाख रुपये है। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि तस्कर सरफराज अंसारी मादक पदार्थों की तस्करी गैंग बनाकर करता है। डीएम के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के धारा 14(1) के तहत कार्रवाई की गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई चलती रहेगी।