अकोला। ग्राम पंचायत बसैया रायमल के मजरा चिरमोली में दशकों पुरानी जलभराव की समस्या के पूर्ण समाधान और सफाई व्यवस्था के खस्ताहाल पर आवश्यक कार्रवाई की मांग के मद्देनजर विगत 3 अगस्त से विकास खंड परिसर अकोला में धरना प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद सोमवार को समाप्त हो गया। भारतीय किसान मजदूर यूनियन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पुष्पेंद्र सिंह सहित 18 लोगों के साथ शनिवार से ही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। इस पर प्रशासन सोमवार को हरकत में आया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह भूख हड़ताल कर रहे लोगों के पास पहुंचे और जूस पिलाकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन समाप्त कराया।
मामले में सोमवार को खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में ऋषि कुमार सिंह, एडीओ (आरडी) एवं महेंद्र कुमार, एडीओ (पंचायत), सचिव दीपक चाहर, चेतन सिंह चाहर ने धरना प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल कर रहे नेतागण तथा चिरमोली के निवासियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान अधिकारियों द्वारा चिरमोली में जलभराव की समस्या के समाधान एवं जल निकासी के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है तथा समस्या के पूर्ण समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे प्रारंभिक कार्रवाई के रूप में अभियंता को मौके पर भेज कर नाली एवं सोखता गड्ढा के निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार करने के लिए माप करा दी गई है। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और चिरमोली में जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।