शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। साइबर ठग ने एक ग्रामीण से पास बुक जारी करने के लिए ओटीपी मांगा और फिर अकाउंट खाली कर दिया। ठग ने दस-दस हजार रुपये करके छह बार में पीड़ित के अकाउंट से 60 हजार रुपये उड़ा दिए। धन निकासी की जानकारी होने पर उपभोक्ता बैंक पहुंचा और अकाउंट का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसकी आंखे फटी की फटी रह गईं। पीड़ित ने साइबर ठगी की सूचना थाना पुलिस को दी है।
नगर में साइबर ठगी की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। साइबर फ्रॉड कभी नया एटीएम कार्ड जारी करने, पासबुक जारी करने, गिफ्ट बाउचर देने के लिए लोगों को फोन या क्यूआर कोड भेजते हैं। उसके बाद खाता संख्या से संबंधित व्यक्ति का ओटीपी मांगते हैं या क्यूआर कोड स्कैन करने के लिए बोलते हैं। जैसे ही उपभोक्ता ओटीपी देता है, उसके खाते से रकम निकलना शुरू हो जाती है। ठगी का मामला जसराना के गांव नगला मदना बनवारा का है। ग्रामीण राहुल पुत्र राजेश के मोबाइल पर कॉल आया कि बैंक से बोल रहे हैं। आपकी पासबुक जारी करनी है। हमने एक मैसेज दिया है, उसका ओटीपी नंबर आया होगा। आप ओटीपी बताओ हम पासबुक जारी कर देंगे। राहुल ने जैसे ही ओटीपी दिया, उसके खाते से दस-दस हजार करके 60 हजार रुपये निकाल लिए। अब राहुल के खाते में मात्र 70 पैसे शेष बचे हैं। खाते से रुपये निकालने की जानकारी होने पर राहुल बैंक भागा, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। सोमवार को वह थाना पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तोमर का कहना है कि ग्रामीण के साथ साइबर ठगी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।