टूंडला (फिरोजाबाद)। रेलवे ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर अंकुश लगाने के लिए बोतल क्रशिंग मशीन लगाई हैं। मशीन से बोतल क्रैश करने पर मशीन से कूपन प्राप्त होगा। यात्रियों को कूपन के माध्यम से खानपान पर पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी।
रेलवे ने 50 माइक्रोन से कम मोटाई की सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित कर दिया है। हालांकि अभी भी रेलयात्री पानी पीने के बाद प्लेटफार्म या स्टेशन परिसर में पानी की खाली बोतल इधर-उधर फेंक देते हैं। इससे प्लेटफार्म एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलती है। खाली बोतलों के पुन: उपयोग पर अंकुश लगाने एवं स्वच्छता में वृद्धि के लिए प्रयागराज मंडल के छह प्रमुख स्टेशनों टूंडला, अलीगढ़, इटावा, कानपुर, इलाहाबाद, मिर्जापुर स्टेशनों पर कुल नौ बोतल क्रशिंग मशीन लगाई हैं। प्रयागराज के रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि इन मशीनों में खाली बोतल डालने पर कूपन प्राप्त होगा और कूपन के माध्यम से यात्रियों को खानपान की चीजों पर 5% की छूट भी प्राप्त होगी। टूंडला रेलवे स्टेशन पर मै. तिरुपति एसोसिएट तथा अलीगढ़ स्टेशन पर श्री हरी भोजनालय एवं अमृतसरी जायका रेस्टोरेंट पर प्राप्त कूपन पर 5% छूट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन मशीनों के स्थापित होने से मशीनों द्वारा अनुपयुक्त बोतलों को नष्ट कर दिया जाएगा। इससे स्टेशन एवं स्टेशन परिसर गन्दगी मुक्त होगा और स्वच्छता में वृद्धि होगी। फोटो-