फतेहपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के तमाम किसानों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई। जिला विकास अधिकारी प्रमोद सिंह चन्द्रौल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुन निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ उन्होंने शासन की लाभार्थी परख योजना फार्मर रजिस्ट्री के क्रियान्वयन व उसके लाभ के बारे में विस्तार से कृषकों को समझाया।
कृषकों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ प्राप्त करने व कृषि यंत्रीकरण योजना के ऑनलाइन कृषि यंत्री की बुकिंग को 17 जनवरी तक करने की अपील की गई। इसके साथ ही कृषकों को अधिक से अधिक संख्या में सोलर पंप योजना में चल रही सोलर पंपों की बुकिंग कर योजना का लाभ प्राप्त किये जाने के लिए भी कहा गया। वहीं जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश यादव ने बताया कि जो कृषक उद्यानीकरण व सब्जीभाजी की खेती करना चाहते हैं। वह कृषक सब्जियों का बीज उद्यान विभाग को देकर हाइटेक नर्सरी से सब्जियों के एक रुपये प्रति पौध प्राप्त कर सकते हैं। असोथर विकासखंड के सरकंडी निवासी किसान मनीष तिवारी ने सिंचाई के लिए कराई गई बोरिंग की जमानत धनराशि को वापस कराये जाने की मांग की। बहुआ ब्लॉक के कोरारी गांव के किसान बाबू सिंह ने विकास खंड में गन्ना क्रय केन्द्र खोले जाने की मांग की। इसके साथ कई किसानों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं सुनाईं। इस मौके पर कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशाषी अभियन्ता, प्रथम एवं द्वितीय, अधिशाषी अभियन्ता, सिंचाई, निचली गंगा नहर सहित तमाम अधिकारी व किसान मौजूद रहे।