फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Etawah News ›   On the death of the young man who broke the car smashed

युवक की मौत पर भड़के लोग, गाड़ी तोड़ी

Thu, 23 Apr 2015 12:02 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा Updated Thu, 23 Apr 2015 12:02 AM IST
विज्ञापन
On the death of the young man who broke the car smashed

शहर के पक्काबाग तिराहा के पास ओवरटेक करते आटो को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई मारुति वैन ने बुधवार सुबह एक युवक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विज्ञापन


चपेट में आए आटो पलटने से उस पर सवार दो लोग घायल हो गए। इस बीच दोनों गाड़ियों के चालक भाग निकले। इधर दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने पुराने हाइवे पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। वैन को सड़क के बीचोबीच पलट दिया और आग लगाने की कोशिश की। बाद में मृतक युवक के परिजनों को आर्थिक मदद के आश्वासन पर गुस्साए लोग माने।
विज्ञापन


जयभारत कालोनी गली नंबर एक निवासी पूरन सिंह (40) पुत्र रामभरोसे की पत्नी अनीता की तबियत खराब थी। सुबह वह उसे पक्काबाग क्षेत्र के भाटिया पेट्रोल पंप के पास स्थित एक क्लीनिक से दवा दिलाने आया था। साथ में 15 साल का बेटा अंशू भी था।
विज्ञापन
विज्ञापन


दवा लेने के बाद तीनों पैदल घर लौट रहे थे तभी ओवरटेक कर रहे आटो को बचाने के चक्कर में मारुति वैन अनियंत्रित हो गई। उसने पूरन सिंह को रौंद दिया। यह देख अनीता और अंशू बेसुध होकर वहीं गिर पड़े।

हादसे के दौरान आटो भी पलट गया और उसमें सवार असलम पुत्र इरफान निवासी रानीबाग व विनीता पत्नी आनंद कुमार निवासी कुशगवां अहिरान थाना बकेवर घायल हो गई। दुर्घटना के बाद ऑटो और मारुति के चालक वहां से भाग निकले। घटना के बाद लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। इस बीच मृतक के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।

जब पुलिस व एंबुलेंस नहीं पहुंचे तो लोग भड़क गए। हंगामा करते हुए उन्होंने मारुति और आटो को पलट दिया। शीशे तोड़ डाले और नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। इस बीच मौके पर पहुंचे कोतवाल बलवीर सिंह गौर ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। एक्सीडेंट के करीब डेढ़ घंटे बाद इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

सिविल लाइंस थाना पुलिस के साथ सीओ सिटी और क्यूआरटी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे मौके पर प्रशासनिक अधिकारी को बुलाए जाने की मांग कर रहे थे।

बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ईश्वरचंद्र पहुंचे और परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। लोगों ने तिराहे के पास ब्रेकर बनाने की भी मांग की। बाद में हाइवे पर सुबह सात बजे से लगा जाम करीब तीन घंटे बाद खुल सका। 

राजमिस्त्री का काम  कर परिवार चला रहा  था पूरन
मृतक पूरन सिंह राजमिस्त्री का काम करके परिवार चला रहा था। तभी वह पैतृक गांव नगला गहलौत थाना इकदिल से शहर आकर रह रहा था।

परिवार में पत्नी अनीता के अलावा 15 वर्षीय बेटा अंशू तथा तीन वर्ष का बेटा अर्पित है। पूरन की मौत से उसके परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है।

युवक की मौत से शादी में पड़ा विघ्न
मृतक पूरन की भतीजी रश्मि मंगलवार की शाम को बारात आई थी। परिवार में शादी समारोह होने के कारण खुशी का माहौल था। रात भर जागने से पत्नी अनीता को उल्टी-दस्त की शिकायत हो गई थी। तभी वह पति के साथ दवा लेने के लिए आई थी। पूरन की मौत के बाद विघ्न पड़ने से शादी की शेष रस्मों को आनन-फानन में पूरा किया गया।

पहले बने थे ब्रेकर
पक्काबाग तिराहा के दोनों ओर पहले ब्रेकर बने हुए थे। सड़क पर डामर होने के कारण दोनों ब्रेकर खत्म हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेकर न होने से आए दिन वाहनों की तेज रफ्तार की वह से यहां हादसे होते रहते हैं।

हाल ही में एक छात्रा की भी यहां मौत हो गई थी। इलाकाई लोगों की मांग है कि तिराहा के दोनों ओवर ब्रेकर सुरक्षा की दृष्टि से बनवाए जाएं।

बच्चे हुए परेशान
सुबह स्कूल का समय था। बच्चे अपने-अपने स्कूल वाहनों से विद्यालय के लिए निकले थे। इसी बीच जाम से स्कूली वाहन भी फंस गए। कई स्कूली वाहन जाम में ही फंसे रहे। जाम के कारण कई बच्चे अपने स्कूल नहीं पहुंच सके।

दो मिस्त्रियों को डंफर ने रौंदा
इटावा।
इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर पिलखर गांव के पास खराब खड़े ट्रक को ठीक कर रहे दो मिस्त्रियों को पीछे से आ रहे डंफर ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। लोगों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पिलखर गांव के सामने बुधवार की दोपहर को एक ट्रक खराब हो गया था। शाम करीब चार बजे ट्रक मिस्त्री भोलू (30) पुत्र शहीद निवासी देशरमऊ थाना इकदिल अपने साथी राहुल (20) पुत्र अशोक कुमार निवासी कोकपुरा शाला थाना सिविल लाइन के साथ साइकिल से ट्रक की मरम्मत करने वहां पहुंचा।

वह दोनों हाइवे पर खराब खड़े ट्रक की मरम्मत कर रहे थे तभी करीब शाम साढ़े चार बजे औरैया की ओर से आ रहे एक डंफर ने पीछे से खराब खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। ट्रक के नीचे घुसे राहुल व भोलू डंफर के टायरों के नीचे आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि खराब खड़ा ट्रक करीब बीस फीट आगे बढ़ गया।

डंफर की चपेट में आने से भोलू व राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंफर को छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। दुर्घटना देख लोगों में आक्रोश पैदा हो गया और उन्होंने आगरा-कानपुर हाइवे पर जाम लगा दिया।

लोगों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। एक्सीडेंट की जानकारी होने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर इकदिल, बकेवर, लवेदी, कोतवाली, सिविल लाइन थाना फोर्स के अलावा सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। 

गुस्साए लोग डीएम को बुलाए जाने की मांग कर रहे थे। बाद में एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने का भी आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर शाम पांच बजे लगा जाम दो घंटे बाद शाम सात बजे खुल सका। 

लगीं वाहनों की कतारें
आगरा-दिल्ली हाइवे दो घंटे तक जाम होने के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सहालग होने के कारण कई बाराती जाम में फंस गए। यही नहीं हाइवे पर जाम में फंसे हुए कई एंबुलेंस को भी देखा गया।

ट्रक ने बाइक सवार रेल कर्मी को रौंदा
महेवा (इटावा)। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर आनेपुर पुलिया के पास हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक से जा रहे रेल कर्मी को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य सड़क हादसों में दो लोग घायल हो गए। उन्हें भर्ती कराया गया है।

गांव व्यासपुरा थाना बकेवर निवासी शिवकुमार (59) पुत्र मंगलदास इलाहाबाद जिले के समोखन रेलवे स्टेशन पर गेटमैन के रूप में तैनात था। वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। बुधवार की दोपहर वह बाइक से अपनी बेटी से मिलने उसकी ससुराल घसारा थाना अछल्दा औरैया जा रहा था।


जैसे ही वह आनेपुर पुलिया के पास हाइवे पर पहुंचा तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को भगा ले जाने में सफल रहा। वहीं शहर के सेंटमैरी स्कूल के पास बाइक की चपेट में आने से संस्कार पुत्र आनंद स्वरूप निवासी गांधीनगर घायल हो गया।

हाइवे पर अड्डा निहाल के सामने बोलेरो की चपेट में आने से मोहन यादव पुत्र मिजाजीलाल घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed