हत्या, आत्महत्या एवं हादसा के बीच उलझी पुलिस
विवेक विहार में शिवनानगर के विपिन यादव एवं काल कालोनी अशोक नगर के पूनम पाल का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। कार के अंदर मिले युवक -युवती के शव को लेकर पुलिस भी चकरधिन्नी में फंसी है। हालांकि युवक -युवती के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। कार में उल्टी होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी विषाक्त पदार्थ खाने या खिलाए जाने से उनकी मौत हुई होगी। इसका एक पहलु यह भी है कि लेकिन दोनाें अलग-अलग जाति के थे। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनके परिजन शादी के लिए राजी नहीं हुए होंगे। हालांकि परिजन शादी के लिए दोनों के खुलकर कभी बात करने जैसी स्थिति से परिजनों ने इनकार किया है। युवती के पिता उसके अपहरण के बाद दुष्कर्म कर हत्या कर देने का आरोप लगा रहे हैं मगर पुलिस दोनों के बीच प्रेम -प्रसंग होना मान रही है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर उनकी मौत किन कारणों से हुई। कहीं किसी तीसरे व्यक्ति ने तो योजनाबद्ध तरीके से उन्हें धोखे से विषाक्त पदार्थ का सेवन तो नहीं करा दिया? या फिर कार के अंदर उनका दम घुटने से तो मौत नहीं हो गई? दोनों ही पहलुओं में से किसी से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। कुछ भी हो फिलहाल यह मामला पुलिस के लिए उलझी गुत्थी है।