एटा। पवित्र माह सावन के पहले सोमवार को सड़कों पर लगे कूड़े के ढेरों ने श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई। पहले से निर्धारित होने के बावजूद पालिका की ओर से कूड़ा उठवाने और सफाई व्यवस्था बेहतर करने के प्रबंध नहीं किए गए। कई दिनों से सावन के महीने में साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान बरतने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन माह के पहले ही सोमवार को नगर पालिका की लापरवाही नजर आई।
सुबह के समय लोग पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए मंदिरों की ओर निकले, तो उन्हें जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी का सामना करना पड़ा। जिला अस्पताल के सामने, गांधी मार्केट स्थित प्रिटिंस गर्ल्स इंटर कॉलेज के सामने, सदर तहसील के सामने कूड़े के ढेर लगे हुए थे। इन ढेर और बदबू से होकर गुजरने वाले श्रद्धालुओं को समस्या का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद कूड़ा उठवाया गया।