सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। खुखुंदू के करौंदी काटे के पास सरकारी बस और कार की टक्कर में महिला कर्मचारी की जान चली गई।
कार में सवार पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। दो किशोरियों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जबकि रामपुर कारखाना के हिरंदापुर मोड के पास अनियंत्रित कार पलटने से चालक की मौत हो गई।
सदर कोतवाली, भरौटा की रहने वाली सुमित्रा देवी माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद में क्लर्क पद पर तैनात थीं।
गुरुवार को सुमित्रा देवी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इलाहाबाद से भटनी के पड़ौली गांव अपने मायके जा रही थीं। सुमित्रा के साथ कार में उनकी बेटी महिमा और गरिमा, बेटा आस्था कुमार, भसुर बृजेश यादव मौजूद थे।
गाड़ी अरमान चल रहा था। सुबह नौ बजे भागलपुर से देवरिया जा रही देवरिया डिपो की बस ने खुखुंदू के करौंदी काटे के पास कार में जोर टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार पहिया के परखच्चे उड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवारों को काफी जद्दोजहद के बाद बाहर निकाला।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुमित्रा देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रुप से जख्मी गरिमा, महिमा और गाड़ी चालक अरमान को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद देवरिया सलेमपुर मार्ग पर जाम लग गया। चारों तरफ अफरातफरी के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।
वहीं बस में सवार लार के मुक्तेश्वर उपाध्याय, तारकेश्वर यादव, रामप्रवेश सिंह, कामेश्वर सिंह, जिरासो के रमाशंकर यादव, मईल के विंध्याचल, मुसैला के विजय शंकर घायल हो गए।
दूसरी घटना रामपुर कारखाना के हिरंदापुर मोड के पास हुई। रामपुर कारखाना मदरापाली गुलाटी गांव निवासी यदूपति तिवारी गरुणपार मोहल्ले के एक व्यक्ति की गाड़ी चलाता था।
बुधवार की रात वह गाड़ी लेकर घर गया था। रात 11 बजे के करीब लौट रहा था। हिरंदापुर मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई और दीवार से जा टकराई।
सुबह लोगों ने कार में उसे मरा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस की जांच के बाद युवक की पहचान हुई। पुलिस का कहना है कि अनियंत्रित होकर कार पलटने के बाद दीवार से टकराई है।