चहनिया । रामगढ़ वाया नादी गांव की सड़क पर जलभराव से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। शनिवार को ग्रामीणों ने पानी खड़े होकर प्रदर्शन किया। रोड नहीं, तो वोट नहीं के नारे लगाए। चुनाव से पहले अगर गांव की रोड की हालत नहीं सुधरी, तो कोई भी नेता ,विधायक, मंत्री को वोट के नाम पर गांव में घुसने नहीं देंगे।
नादी गांव की सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। लोग रोज गिरकर चोटिल होते हैं। इसी सड़क से रामगढ़, बैराठ, दरियापुर, नादी, निधौरा, सैफपुर, दियां आदि गांवों के लोगों का आवागमन होता है। हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है। निकासी नहीं होने से पानी लगा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों से कहने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र के देवेंद्र यादव सिपाही, सिंटू पांडेय का कहना है सड़क खराब होने से काफी दिक्कत हो रही है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि कार्य चल रहा है जल्द ही सड़क दुरुस्त करा दी जाएगी। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जाहिद अली, श्लोक यादव, सतेंद्र राम, मेराज अहमद, समीर खान, सरोज पांडेय, रामविलास पांडेय, रुबेश कुमार,आदित्य पांडेय आदि शामिल थे।