चंदौली। कोविड-19 के खतरे के बीच सोमवार को जनपद के सरकारी, अर्द्धसरकारी व गैरसरकारी इंटर कालेज कड़े सुरक्षा और मानकों के बीच खोले जाएंगे। इसे लेकर रविवार को दिन स्कूलों में साफ-सफाई व सरकार की गाइड-लाइन के मुताबिक तैयारियों को मूर्त रूप देने की जद्दोजहद चली। सेनेटाइजेशन के साथ-साथ कोविड हेल्प डेस्क का निर्माण किया गया। इसके साथ ही शिक्षकों की मौजूदगी में स्कूल प्रबंधन ने मॉक क्लास का संचालन कर तैयारियों को परखा। साथ ही शिक्षकों को हिदायत दी कि बिना मास्क के न खुद स्कूल आएं और ना ही किसी बच्चे व अभिभावक को स्कूल में इंट्री दें।
विद्यालय प्रबंध संघ के सदर ब्लाक अध्यक्ष इसरार अहमद खां ने बताया कि सोमवार को कक्षा-9 से 12 तक कक्षाएं दो सिफ्ट में संचालित की जानी है। इसे लेकर सभी निजी स्कूलों में साफ-सफाई के साथ कक्षाओं को सुरक्षित ढंग से संचालित करने की तैयारियां चलायी गयी। स्कूल परिसर में कोविड हेल्प डेस्क होगा, जहां थर्मल स्क्रीनिंग के बाद हाथों को सेनेटाइज करके अंदर जाने की अनुमति होगी। सभी बच्चे प्रतिदिन केवल अपने अपने सीट पर ही बैठेंगे। जिन बच्चों को पढ़ाया जाना है उनके अभिभावकों से सहमति पत्र प्राप्त कर ली गयी है, जैसा कि शासनादेश में उल्लिखित है। इसके अतिरिक्त स्कूल में आइसोलेशन वार्ड भी बना लिया गया है। यदि किसी बच्चे का तापमान अधिक पाया जाता है तो उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। बताया कि स्कूल में प्रथम पाली सुबह आठ से 11.50 तक तथा द्वितीय पाली 12.50 से 3.30 तक संचालित होंगी। छुट्टी के तुरंत बाद स्कूलों को पुन: सेनेटाइज किया जाएगा। प्रयास होगा कि छात्रों के कोर्स को समय से खत्म किया जाए।