थप्पड़कांड पर सियासत: केजरीवाल समेत 'आप' नेताओं ने भाजपा को घेरा, प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग
दिल्ली के तिलक नगर में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा द्वारा आप कार्यकर्ता को थप्पड़ मारे जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। साहिब सिंह वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार देर शाम प्रदर्शन किया। वहीं, कांग्रेस ने भी भाजपा पर हमला बोला है।
विस्तार
तिलक नगर में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता जांचने पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और आप विधायक जरनैल सिंह आमने-सामने आ गए। रविवार को सड़क की जांच के दौरान उस समय विवाद बढ़ गया, जब आप विधायक के साथ पहुंचे वीडियोग्राफर ने वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि इसी दौरान मंत्री ने युवक को थप्पड़ मार दिया। मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार देर शाम प्रदर्शन किया। आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक जनरैल सिंह और विधायक कुलदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डीसीपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। सड़क पर प्रदर्शन करने पर पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
पीडब्ल्यूडी की ओर से तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में जिला सेंटर से केशवपुरम सब्जी मंडी तक सड़क का निर्माण कराया गया है। शनिवार को सड़क का उद्घाटन किया था। अगले ही दिन सड़क की गुणवत्ता को लेकर आप विधायक जरनैल सिंह ने सवाल उठाते हुए वीडियो जारी किया। इसमें आप विधायक ने सड़क की गुणवत्ता खराब होने और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था।
मंत्री ने जांच के लिए विधायक को बुलाया
विधायक जरनैल सिंह के मुताबिक, रविवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने उन्हें फोन कर मौके पर बुलाया और सड़क की गुणवत्ता की जांच करने की बात कही। विधायक अपने समर्थकों और वीडियोग्राफरों के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक के सोशल मीडिया हैंडल के लिए वीडियो बनाने वाले युवक भी मौके पर मौजूद थे। युवक के मुताबिक, वह मंत्री के सामने पूरी कार्रवाई को कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर मंत्री ने उसे थप्पड़ मार दिया। युवक ने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए कुछ समर्थकों की ओर से उसे धमकी भी दी गई।
घटना के बाद आप नेताओं ने पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने मांग की। इसी मांग को लेकर रविवार रात सौरभ भारद्वाज, जनरैल सिंह और कुलदीप कुमार कार्यकर्ताओं के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। आप नेताओं का आरोप था कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया। पुलिस ने शिकायत की जांच किए जाने की बात कही। इससे नाराज आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसीपी कार्यलय के बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर किया। पुलिस जब विधायक कुलदीप कुमार को हिरासत में लेकर जाने पहुंची, उसी दौरान महिला आप कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की हुई। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों समेत अन्य पुलिस बल ने स्थिति संभाली और प्रदर्शनकारियो को वहां से हटाकर थाने पहुंचाया।
केजरीवाल समेत आप नेताओं ने घेरा
घटना सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने सरकार पर हमला बोला। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर घटना की निंदा की। आप नेताओं ने मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी उठाई। दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह सोमवार को मौके का मुआयना करेंगे।
साहिब सिंह (पीड़ित) ने कहा, "प्रवेश वर्मा जी ने सोचा नहीं था कि उनकी पोल खुल जाएगी। उन्होंने सोचा नहीं था कि रोड का सच बाहर आएगा। उस समय विधायक जी ने उठाया और वो रोड पापड़ की तरह उखड़कर हाथ में आ गई। वो इसे सह नहीं पाए। उस समय उन्होंने मेरे हाथ से मेरा फोन छीना, मेरा हाथ मोड़ा और मुझे थप्पड़ मार दी। उसके बाद उनके साथ भाजपा के जो गुंडे आए थे, उनसे मुझे पिटवाया, धमकी दिलवाई और खुद भी धमकी थी। आजकल कोई सवाल भी नहीं पूछ सकता? देश का युवा आगे क्या करेगा? हमारी शिकायत की कॉपी ली गई मगर मंत्री जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे हैं। हमारा कहना है कि कम से कम उनके खिलाफ एफआईआर तो दर्ज हो और बाकी जो कार्रवाई बनती है वो की जाए।"
यह मंत्री जी से बर्दाश्त नहीं हुआ: विधायक जरनैल सिंह
आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा, "प्रवेश वर्मा जी के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो गया जिसे देखकर वह आपे से बाहर हो गए। मुझे उनका फोन आता है कि दिखाओ सड़क तो ठीक बनी है, आप क्यों सड़क की बार-बार शिकायत कर रहे हो? जब मैंने दिखाया तो सड़क सच में उखड़ गई और हाथ में आ गई। यह मंत्री जी से बर्दाश्त नहीं हुआ। साहिब सिंह जो इन सभी का वीडियो बना रहा था, वो देख मंत्री जी तिलमिला गए। मैंने वहां पर सच दिखाया, सड़क उखाड़ के दिखाया तो उसके बाद भाजपा वालों के कैमरे एकदम बंद हो गए। हमारी तरफ से कैमरा चालू था तो मंत्री जी इतना तिलमिला गए कि साहिब सिंह के मुंह पर सीधा थप्पड़ जड़ दिया।"
यह तो खुलेआम गुंडागर्दी है: सौरभ भारद्वाज
दिल्ली आम आदमी पार्टी अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हम प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तिलक नगर गए और वहां से हम डीसीपी कार्यालय जा रहे थे कि एफआईआर क्यों दर्ज नहीं होगी। प्रवेश वर्मा को सुरक्षा दे दी गई। राजा जी और उनके बेटे साहिब जिसे प्रवेश वर्मा ने मारा, इनको उठाकर थाने में ले आए। हमें थाने में ले आए। यह क्या इंसाफ है? इसके फोन पर धमकियां आ रही हैं। यह तो खुलेआम गुंडागर्दी है। एसएचओ के सामने इसको थप्पड़ मारा गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो और अगर उसके बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हो रही तो फिर हम किस देश में रह रहे हैं?
राहुल गांधी बोले- सवाल पूछने पर 'थप्पड़'
मामले में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- 'दिल्ली की भाजपा सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह? वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी, और उसके हाथ में कैमरा था। ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है। सड़क पर सवाल पूछो - थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो - लाठी। संसद में सवाल पूछो - माइक बंद। ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब ये डर ही नहीं कि चुनाव इन्हें हटा सकता है। वोट चोरी यही खरीदती है - सिर्फ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी। जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रजामंदी नहीं चाहिए - आपकी खामोशी और अंधभक्ति चाहिए।'
परिवार को गाली देना नहीं हो सकता बर्दाश्त : प्रवेश वर्मा
तिलक नगर इलाके में सड़क निर्माण के निरीक्षण के दौरान आप विधायक के वीडियोग्राफर को थप्पड़ मारने के विवाद पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि आप के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गाली दी थी। वर्मा ने कहा कि परिवार के बारे में इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने विकासपुरी रिंग रोड के निर्माण को लेकर विधायक जरनैल सिंह पर पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों के माध्यम से ठेकेदारों से मिलने और कमीशन मांगने का आरोप लगाया।
वर्मा ने कहा कि वह रविवार को वहां से गुजरते हुए काम देखने गए थे। मंत्री ने बताया कि उन्होंने खुद विधायक जरनैल सिंह को फोन किया और करीब 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। वर्मा के मुताबिक, उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को मौके पर नहीं बुलाया था, लेकिन जरनैल सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे। उनके पहुंचते ही बदतमीजी शुरू हो गई। वर्मा ने आरोप लगाया कि विधायक के साथ आए एक कार्यकर्ता ने परिवार को गाली देना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, तब कोई भी व्यक्ति उस आवेश में जो करेगा, वही मैंने भी किया। यह बर्दाश्त से बाहर है।
भाजपा ने बताया 'AAP का गुंडा'
उधर, भाजपा का कहना है कि घटना में शामिल आप कार्यकर्ता साहिब सिंह पर पहले भी केस दर्ज हो चुका है और वह आदतन अपराधी है। दावा है कि साहिब सिंह पर एमसीडी के एक सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगा था और उसके खिलाफ दिल्ली के तिलक नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज हुई थी। इस मामले में साहिब सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले से जुड़ा भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर किया है।