चंदौली। कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी ने जहां सबकुछ पर ताला लगा दिया है, वहीं सफाई जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को अंजाम देने में सफाई कर्मी पूरी शिद्दत के साथ लगे हैं। कुछ इसी तरह का नजारा बुधवार को नगर पंचायत में देखने को मिला। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्यों को अंजाम देते दिखाई दिए, ताकि नगर पंचायत गंदगी मुक्त रह सके।
नगर पंचायत में 65 से अधिक कर्मचारी व आधा दर्जन ट्रैक्टर-ट्राली समेत कई आधुनिक मशीनों को काम पर लगाया गया है, ताकि साफ-सफाई में कहीं कोई न रहने पाए। इस दरम्यान लोगों ने साफ-सफाई का जिम्मा संभालने वाले कर्मयोगियों के कार्यों की जमकर सराहना की। उधर, चेयरमैन रवींद्रनाथ भी अपने कर्मचारियों के समर्पण से खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि दो सिफ्ट में नियमित साफ-सफाई व कूड़े के निस्तारण का काम किया जा रहा है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर फौरी तौर पर सफाई कर्मियों की टीम भेज कर सफाई का काम चल रहा है। इसके अलावा वार्डों में गलियों व मकानों को सेनेटाइज करने के काम में भी आधा दर्जन मशीनें व कर्मचारी लगाए गए है। नगर पंचायत का प्रयास है कि लोग साफ-सुथरे माहौल में रहें, जिससे कोरोना वायरस जैसी बीमारी के संक्रमण की आशंका नगण्य हो जाए। यह कार्य सुबह, दोपहर व शाम में सफाई कर्मचारी निष्ठा के साथ कर रहे है।