UP: लोको पायलट व उसकी पत्नी का हाई वोल्टेज ड्रामा, अस्पताल से थाने ले गई पुलिस; इस शिकायत पर कार्रवाई
Chandauli News: यूपी के चंदाैली स्थित लोको अस्पताल में उस वक्त हंगामा होने लगा जब लोको पायलट और उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाने पुलिस पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
विस्तार
रेलवे के लोको मंडलीय अस्पताल में गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही की शिकायत के मामले में शनिवार को अलग मोड़ आ गया। लोको अस्पताल के चिकित्साधीक्षक की शिकायत पर एसडीएम पीडीडीयू नगर की मौजूदगी में पुलिस शिकायत कर्ता लोको पायलट और उसकी पत्नी को अस्पताल से अलीनगर थाने ले गई। यहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दूसरी तरफ लोको पायलट और उसकी पत्नी ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई की शिकायत की है।
रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट के रूप में कार्यरत किशोर कुमार छह नवंबर को बाइक से ड्यूटी जाते समय सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गए। परिजनों ने उन्हें मंडलीय लोको अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोप है कि चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार के बाद छूट्टी दे दी। नौ नवंबर को फिर से तकलीफ बढ़ी तो उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां सीने मे फ्रैक्चर बताया गया। इसके बाद फिर से 11 नवंबर को किशोर कुमार को लोको अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस पर पीटने का आरोप
इसी दौरान किशोर कुमार की पत्नी नैंसी ने वीडियो जारी कर अस्पताल प्रशासन पर पति को गलत दवा देने का आरोप लगाया। इसके लिए नैंसी ने डीआरएम को पत्र भी लिखा। वहीं इसको लेकर लोको पायलट के परिजन और अन्य लोगों ने चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों के धक्का मुक्की की और अस्पताल में हो हल्ला किया।
इस मामले में अस्पताल के डाॅ. राजीव की शिकायत पर आरपीएफ ने किशोर की पत्नी नैंसी, किशोर कुमार सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं दूसरी तरफ किशोर कुमार की पत्नी सहित अन्य ने अलीनगर थाने में शिकायत की। वहीं एसपी से भी गुहार लगाई।
इस बीच 17 नवंबर को किशोर कुमार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। बावजूद इसके किशोर कुमार अस्पताल से नहीं हटे। इस पर शनिवार को सीएमएम ने इसकी शिकायत अलीनगर थाने से की। इसके बार मौके पर पीडीडीयू एसडीएम अनुपम मिश्र और अलीनगर पुलिस अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने किशोर कुमार, उसकी पत्नी नैंसी और उसकी बेटी को अपने साथ ले गई।
कर दिया गया था डिस्चार्ज
इस संबंध में सीएमएम डॉ. केशव चंप्रमनारी ने कहा कि किशोर कुमार के सीने में दर्द था। उसका इलाज किया गया। ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया था। वहीं किशोर कुमार और उसकी पत्नी हो हल्ला कर रही है। इसकी शिकायत की गई थी। इसके आधार पर पुलिस उन्हें साथ ले गई है।
अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि कार्रवाई अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर की गई है। दूसरी तरफ किशोर कुमार और उनकी पत्नी का आरोप है कि प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है। उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।