चंदौली में दहशत: तेंदुआ ने हमला कर दो को किया घायल, बुजुर्ग की उंगली और महिला का मुंह-हाथ नोचा
चकिया के संयुक्त अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है। घटना से चकिया थाना क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। दो महीने पहले भी एक तेंदुआ नजर आया था।
विस्तार
यूपे के चंदौली जिले में मगरमच्छ के बाद अब तेंदुआ ने दहशत पैदा कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के दाउदपुर गांव के जंगल में शुक्रवार शाम तेंदुआ ने हमला कर बुजुर्ग सहित दो लोगों को जख्मी कर दिया। घटना के समय वृद्ध गेहूं पिसाकर घर लौट रहे थे, जबकि महिला बकरी चरा रही थी।
घटना में महिला का मुंह व हाथ और वृद्ध की उंगली को तेंदुओ नोच ले गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने वृद्ध की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दाउदपुर गांव निवासी सरयू वनवासी(70) शुक्रवार की शाम गेहूं पिसाकर जंगल के रास्ते घर लौट रहे थे। तभी झाड़ियों से निकलकर तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया। सरयू ने डटकर तेंदुआ का सामना किया और उसे भगा दिया। लेकिन तेंदुआ ने उनके एक हाथ को बुरी तरह जख्मी कर दिया। हाथ की दो उंगलियों को वह खा गया।
तेंदुए का आना आश्चर्य से कम नहीं
इसके बाद तेदुंआ जंगल में बकरी चरा रही कलावती (50) पर झपटा, और उनका मुंह और हाथ नोंच ले गया। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के प्रयास करने पर तेंदुआ का पता नहीं चला। दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया। घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत व्याप्त है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में अभ्यारण्य होने के बावजूद इस क्षेत्र में तेंदुए का आना आश्चर्य से कम नहीं है।
दो महीने पहले राजदरी में विचरण करते दिखा था तेंदुआ
चकिया के जलप्रपात राजदरी जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास सड़क पर दो महीने पहले तेंदुआ दिखा था। वहां से गुजर रहे एक पर्यटक ने इसका वीडियो बनाकर वन विभाग को भेजा। इसके बाद जिलाधिकारी संजीव सिंह ने लोगों से उस जंगल में न जाने की अपील की थी।
वन विभाग ने तेंदुए के रेस्क्यू के लिए कई दिन तक प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। वहीं वन अधिकारियों का कहना है कि नौगढ़ के जंगलों में तेंदुओं का कुनबा रह रहा है। लोगों को इससे बचना चाहिए।