चंदौली। क्षेत्र के झांसी गांव के समीप चौपाल सागर में शुक्रवार को तीन दिवसीय चौपाल महोत्सव शुभारंभ हुआ। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में किसानों को नवीनतम जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि डीएम नवनीत सिंह चहल ने अपील किया कि किसान उन्नत बीजों के साथ-साथ आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करें। साथ ही खेती के दौरान कृषि वैज्ञानिकों से परामर्श जरुर लें। इससे पहले जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस काम में सरकार के साथ-साथ कई गैर सरकारी संस्थाओं की ओर से पहल की जा रही है। चौपाल सागर की भी भूमिका सराहनीय है। जनपद के किसान बेहतर पैदावार के जरिए तेजी से अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार रहे हैं। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डा. जेपी टंडन ने कहा कि आईटीसी के माध्यम से जनपद के कई स्थानों पर किसानों को नई तकनीकी जानकारी मुहैया कराकर खेती कराई जा रही है, जिसका लाभ सीधे किसानों को मिला है। एरिया मैनेजर आकाश सिंह ने बताया कि आईटीसी चैपाल लगातार किसानों नए उपकरणों को इस्तेमाल से होने वाले लाभ एवं पैदावार से अच्छी आय के लिए प्रेरित करना आ रहा है। इस दौरान प्रबंधक धीरज सिंह, आलोक सिंह, आशीष यादव, आशुतोष सिंह उपस्थित रहे।