पीडीडीयू नगर। नगर पालिका पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर के वार्ड संख्या एक स्थित कांशीराम आवास के पास मानक के विपरीत सड़क निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन किया। बाद में लोगों ने ईओ और चेयरमैन को संबोधित शिकायत पत्र नगर पालिका में देकर निर्माण कार्य की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
नगर पालिका की ओर से वार्डो के विकास के लिए सड़क, नाली समेत विभिन्न कार्य कराएं जा रहे है। इसी क्रम में नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या एक चतुर्भुपुर के कांशीराम आवास के समीप भी एक सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार को क्षेत्रीय लोगों ने मानक के विपरीत सड़क का निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। इससे सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद जल्द ही खराब हो जाएगी। जिससे लोगों को फिर से परेशानी झेलनी पड़ेगी। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान किसी अधिकारी ने वहां मुआयना कर कार्य की गुणवत्ता परखना भी मुनासिब नहीं समझा। लोगों ने निर्माण के क्वालिटी की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस दौरान बृजेश, कल्लू, राहुल, उरना देवी, सावित्री, प्रेमा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी कृष्णचंद्र ने कहा कार्य को रोककर निर्माण क्वालिटी की जांच के लिए आदेश दिए गए है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।