पीडीडीयू नगर। पेट्रो मूल्यों में लगातार बढ़ोत्तरी से नाराज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़क पर उतरे। नगर के चकिया त्रिमुहानी से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। रिक्शा ट्राली पर स्कूटी रख कर और ट्रैक्टर को हाथों से खींच कर भी विरोध जताया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोक झोक भी हुई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रो मूल्यों पर अंकुश नहीं लगा तो उग्र विरोध किया जाएगा। सुबह दस बजे सपा कार्यकर्ता चकिया तिराहा पर एकत्र हुए। इस दौरान रिक्शा ट्राली पर स्कूटी रखा गया और ट्रैक्टर को रस्सी से बांधा गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों पर पोस्टर लिए तो कुछ कार्यकर्ताओं ने कंधे पर सिलिंडर रखा और इसके बाद नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। जुलूस के मद्देनजर पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस कर्मियों ने जुलूस को रोकने की कोशिश की। इस पर सपा कार्यकर्ताओं से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद हुई सभा में संतोष यादव ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बेतहाशा वृद्धि ही नहीं बल्कि महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है। किसान बिल वापसी को लेकर महीनों से धरने पर बैठे हैं। बेरोजगार रोजगार के लिए भटक रहे हैं । व्यापारी त्रस्त है। लेकिन सरकार मनमाने तरीके से देश को बेचने का काम कर रही है। जुलूस और सभा में नफीस, सुदामा, चकरू यादव, केदार यादव, सभासद विनय यादव डब्बू, रामविलास यादव, अशोक यादव, स्नेहील भारती, प्रदीप यादव, धीरज यादव, प्रिंस मिश्रा, रजत वर्मा, राजेश यादव, गोलू यादव रहे।