यूपी में हैवानियत: नौवीं क्लास में तीन छात्रों ने सहपाठी को बनाया हवस का शिकार, पिता बोले- कैमरे में कैद घटना
छात्र पक्ष का दावा है कि घटना से संबंधित वीडियो कैमरा रिकॉर्डिंग में मौजूद है। पिता के मुताबिक, उन्होंने विद्यालय के एक शिक्षक से रिकॉर्डिंग के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन वीडियो होने से इनकार किया गया।
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर स्थित जहांगीराबाद के एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्र के साथ कुकर्म का मामला प्रकाश में आया है। छात्र ने अपनी ही कक्षा में पढ़ने वाले तीन सहपाठियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्र के पिता शनिवार को शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पिता को बताया गया बेटा का झगड़ा हुआ है
छात्र के पिता के अनुसार, उन्हें दोपहर में विद्यालय से बेटे के साथ झगड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर वह विद्यालय पहुंचे। वहां बेटे ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी सामने आने के बाद भी विद्यालय स्टाफ ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। मामले में विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
'घटना कैमरे में कैद है'
छात्र पक्ष का दावा है कि घटना से संबंधित वीडियो कैमरा रिकॉर्डिंग में मौजूद है। पिता के मुताबिक, उन्होंने विद्यालय के एक शिक्षक से रिकॉर्डिंग के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन वीडियो होने से इनकार किया गया। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज की उपलब्धता और उसमें दर्ज घटनाक्रम पुलिस जांच का अहम हिस्सा हो सकता है।
पुलिस सीसीटीवी जांच में जुटी
गंभीर आरोपों के बाद छात्र के पिता कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस अब शिकायत, छात्र के बयान, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस का बयान
भरत सोनकर, सीओ अनूपशहर ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।