Budaun: एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड की जांच तेज, चश्मदीद दो अफसरों ने कोर्ट में दर्ज कराए बयान
बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मामले में जांच जारी है। इसी क्रम में कंपनी के दो अफसरों ने सोमवार को सीजेएम कोर्ट पहुंचकर कलमबंद बयान दर्ज कराए।
विस्तार
बदायूं के सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की गोली मारकर हत्या के मामले में कंपनी के चश्मदीद अधिकारी जूनियर एग्जीक्यूटिव जीशान अंसारी और डीजीएम सुधीर गुप्ता के स्थान पर तैनात हुए लोकेश कुमार ने सोमवार को पुलिस के साथ सीजेएम कोर्ट पहुंचकर कलमबंद बयान दर्ज कराए। जीशान इस हत्याकांड की मुख्य एफआईआर के वादी हैं।
प्लांट के डीजीएम रहे सुधीर गुप्ता ने वीआरएस ले लिया था और 31 मार्च को उनकी सेवा का अंतिम दिन था। सुधीर के स्थान पर महाराष्ट्र के अकोला जिले के लोकेश कुमार की तैनाती हुई थी। 12 मार्च को लोकेश बदायूं के सैजनी प्लांट पहुंचे थे और वहां पर पहले से मौजूद उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता, सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा व जीशान अंसारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। तभी आरोपी अजय प्रताप सिंह वहां पहुंचा था और सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद वापस चले गए थे लोकेश
इसके बाद पुलिस ने जीशान अंसारी की तहरीर पर मामले में केस दर्ज किया। वहीं घटना के बाद लोकेश कुमार यहां से वापस महाराष्ट्र चले गए थे। घटना के समय यह दोनों अधिकारी मौजूद रहे थे, इसलिए पुलिस ने उनके कलमबंद बयान सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराए है। अब इनके बयान को भी इस मामले में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जाएगा।
सैंजनी की प्रधान की भूमिका की जांच शुरू
सैंजनी गांव की प्रधान सावित्री देवी की भूमिका की जांच भी तहसील प्रशासन ने शुरू कराई है। गांव में जिस तरह से प्लांट में दो अफसरों की हत्या के मामले में आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह के गांव में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जेदारी व जमीनों पर अवैध कब्जे निकले है उससे प्रधान की भूमिका भी सवालों के घरे में हैं।
सूत्र बताते हैं कि प्रधान भी आरोपी पक्ष की करीबी है। इसको लेकर अब प्रशासन ने इस मामले में प्रधान की भूमिका भी जांच शुरू कराई है। यदि जांच में आरोप सही निकलते है तो प्रधान के अधिकार सीज होने के साथ केस दर्ज कराने तक की कार्रवाई हो सकती है। संवाद
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुए दोहरा हत्याकांड के समय मौके पर मौजूद रहे कंपनी के दो अधिकारियों के बयान पुलिस ने कोर्ट के समक्ष दर्ज कराए हैं। इस घटना में जो भी दोषी है, उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों के नाम केस में शामिल करेगी।