बदायूं। जिले में स्थापित परीक्षा केंद्रों में रखे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम, एसएसपी ने औचक रूप से कई विद्यालयों का निरीक्षण कर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। विद्यालयों में जिस स्थान पर प्रश्नपत्र रखे हुए हैं, डबल लॉकर को खुलवाकर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पेपर के बंडलों पर लगी सील को गहनता से चेक किया। जिले में कहीं भी कोई मामला संदिग्ध नहीं पाया गया।
शुक्रवार को डीएम दीपा रंजन, एसएसपी डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने सिंगलर मिशन गर्ल्स इंटर कॉलेज व श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने एडीएम प्रशासन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों से भी विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कराया है। निरीक्षण के उपरांत जिला स्तरीय अधिकारियों ने यथा स्थिति की रिपोर्ट डीएम को दी। डीएम ने निर्देश दिए कि डबल लॉकर को स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ही खोला जाए। परीक्षा केंद्र में ड्यूटी करने वाले अध्यापक, कर्मचारी आदि के पास परिचय पत्र होना अनिवार्य है।