Budaun News: दरोगा और पुलिसकर्मियों पर वसूली का आरोप, चौकी परिसर में धरने पर बैठे किसान
बदायूं में किसानों ने सोमवार को भाकियू पदाधिकारियों के साथ नवादा चौकी परिसर में धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने एक दरोगा और पुलिसकर्मियों पर वसूली और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
विस्तार
बदायूं में बरेली रोड स्थित नवादा पुलिस चौकी के एक दरोगा व पुलिसकर्मियों पर वसूली करने एवं फरियादियों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। इससे आक्रोशित किसानों ने सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक असली) के पदाधिकारियों के साथ चौकी परिसर में धरना प्रदर्शन किया।
भाकियू पदाधिकारियों के साथ विकास पटेल, सूरजपाल, कमल गुप्ता, अशोक पटेल, प्रताप सिंह, अवनेश शर्मा, हरवंश पटेल ,अनूप, द्वारिका सिंह, कमला देवी, गंगा सिंह, हरीश पटेल, विपिन कुमार, राजपाल आदि चौकी परिसर में धरने पर बैठ गए। भाकियू नेताओं ने लगाया है कि दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर सेटिंग की जाती है। बाद में डरा धमकाकर पीड़ित से ही वसूली की जाती है। क्षेत्र में अवैध खनन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
आरोप लगाया कि कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें दोनों पक्षों की बात सुने बिना एकतरफा कार्रवाई कर दी गई। किसानों ने आठ बिंदुओं को उठाते हुए उन पर कार्रवाई की मांग की। फरियादियों से गलत व्यवहार व वसूली करने वाले दरोगा व पुलिसकर्मियों को चौकी से हटाने की मांग की।
कई ग्राम पंचायतों में सरकारी धनराशि का दुरुपयोग का आरोप
कई ग्राम पंचायतों में सरकारी धनराशि का दुरुपयोग प्रधान और सचिवों की मिलीभगत से होने का आरोप लगाते हुए किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने ग्राम पंचायत कुंवरगांव देहात, हरहरपुर मोहनपुर, नंदगांव गंज में सचिव और प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए लाखों रुपये की सरकारी धनराशि गबन करने का आरोप लगाया। कर्मचारियों को दस दिन में हटाने की मांग की है।
भाकियू नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत कुवरगांव देहात, हरहरपुर मोहनपुर, नंदगांव गंज में वर्ष 2025-2026 में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इंडिया मार्का हैंडपंप सही कराने के नाम पर रुपये निकाले गए, जबकि हैंडपंप अभी भी खराब हैं। 54050 रुपये बिना कार्य निकालने का आरोप है। इसके साथ वनगढ़ पक्के मार्ग से सोनपाल के प्लॉट तक मिट्टी कार्य एवं सीसी नाली का कार्य दिखाकर 27 हजार रुपये से अधिक रुपये निकाले गए, जबकि मिट्टी कार्य और सीसी नाली का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है।
किसानों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत कुंवरगांव देहात में जनसेवा केंद्र पंचायत घर के नाम पर विशेष निमार्ण कार्य में 52569 रुपये आठ माह पूर्व निकाले गए थे। अन्य बिलों के एक लाख रुपये से अधिक की रकम निकालने की बात भी कही है।